राजधानी में थमे वाहनों के पहिए, जाम में फंसे रहे लोग .. जगह जगह हुए जल जमाव के कारण लगता रहा जाम, यातायात व्यवस्था हुई ठप्प।

राजधानी में थमे वाहनों के पहिए, जाम में फंसे रहे लोग
.. जगह जगह हुए जल जमाव के कारण लगता रहा जाम, यातायात व्यवस्था हुई ठप्प।
.jpeg)
यशभारत, भोपाल। सोमवार दोपहर से लेकर देर शाम तक हुई बारिश ने राजधानी की यातायात व्यवस्था बेहाल कर दी। हालत यह थी कि शहर के कई मुख्यमार्गों पर जाम लग गया। लोग कई घंटों तक जाम में फंसे रहे। राजधानी के फ्लाइओवर भी जाम से अछूते नहीं रहें। लोगों को निकलने के लिए जगह तक नहीं थी। जगह जगह हुए जलजमाव के कारण जाम के हालात बने। लोगों के वाहन जल जमाव के कारण फंस गए थे। यातायात अमले ने व्यवस्था संभालने की कोशिश की लेकिन जाम नहीं खुल सका। खबर लिखे जाने तक लोग जाम में फंसे हुए थे। एमपी नगर जोन-1 से लेकर जीजी फ्लाईओवर और रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के सामने तक करीब 40 मिनट से ज्यादा समय तक ट्रैफिक जाम की स्थिति रही। फ्लाईओवर पर जाम में एक एंबुलेंस भी फंसी रही। राहगीरों के साथ-साथ ऑफिस टाइम में लौट रहे वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। एमपी नगर थाने से लेकर हबीबगंज नाके तक वाहन रेंगते नजर आए। जीजी फ्लाईओवर के अंत में, हबीबगंज नाके के पास बारिश का पानी भर जाने से गाड़ियां धीमी हुईं और ट्रैफिक जाम लग गया। बारिश की वजह से सड़क पर फिसलन और जलभराव ने हालात को और बिगाड़ दिया। यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। मौके पर ट्रैफिक पुलिस और डायल-100 के जवान गाड़ियों को निकालने का प्रयास कर रहे थे।







