ड्रोन से डमी बस गिरने से सेना के हवालदार की मौत -मॉकड्रिल के दौरान हुआ हादसा

ड्रोन से डमी बस गिरने से सेना के हवालदार की मौत
-मॉकड्रिल के दौरान हुआ हादसा
भोपाल यशभारत। राजधानी के देहात क्षेत्र में स्थित आर्मी की फायरिंग रेंज में सेना के अधिकारियों व कर्मचारियों की मौजूदगी में चल ही मॉकड्रिल के दौरान ड्रोन से बम गिरने से सेना के एक हवलदार की मौत हो गई। दरअसल, मॉकड्रिल के दौरान ड्रोन में डमी बस लगाकर उड़ाया जा रहा था। तभी तकनीकि खराबी के कारण ड्रोन में लगा डमी बम हवलदार के सिर पर गिर गया। हादसे के तुरंब बाद घायल हवलदार को बैरागढ़ स्थित सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सूखीसेवनिया पुलिस ने सूचना मिलने के बाद मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एसडीओपी प्रिया सिंधी ने बताया कि कल सूखीसेवनिया इलाके में स्थित मिलिट्री की फायरिंग रेंज में सेना के अधिकारियों व कर्मचारियों की मौजूदगी में मॉकड्रिल (युद्धाभ्यास) चल रहा था। इस दौरान फायरिंग रेंज में ड्रोन को उड़ाया गया था। जिसमें डमी बम लगाया गया था। जब ड्रोन ऊंचाई से उड़ान भर रहा था, तभी अचानक तकनीकि खराबी के कारण ड्रोन में लगा लोहे का भारीभरकम डमी बम सेना के हवलदार विजय सिंह(37) के सिर पर गिर गया। जिससे हवलदार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के तुरंत बाद उन्हें बैरागढ़ स्थित मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक हवलदार मूलत: उत्तराखंड के रहने वाले थे और इन दिनों बैरागढ़ में रह रहे थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी रामबाबू चौधरी ने बताया कि मिलिट्री के अफसरों से पूछताछ के बाद हादसे के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पहले भी हो चुका है हादसा- 15 मई को भदभदा स्थित 25वीं बटालियन में मॉक ड्रिल के दौरान अचानक एक डेटोनेटर बम फट गया था। इस घटना में दो पुलिसकर्मियों को गंभीर चोट आई थी। घायल प्रधान आरक्षक विशाल सिंह और आरक्षक संतोष कुमार को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।







