भोपाल में रेप पीड़िता का हाई वोल्टेज ड्रामा: पुलिस के सामने हुई निर्वस्त्र, घर जलाने की कोशिश

भोपाल, मध्य प्रदेश : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में शनिवार को एक रेप पीड़िता महिला ने जमकर बवाल काटा, जिससे हड़कंप मच गया। महिला ने एक घर का ताला तोड़ा, आग लगाने की कोशिश की और पुलिसकर्मियों के सामने निर्वस्त्र भी हो गई। इस घटना के बाद पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना अवधपुरी थाना क्षेत्र की है। शनिवार दोपहर, एक महिला हाथ में हथौड़ा लिए रेप के आरोपी के छोटे भाई के घर पहुंची। उसने हथौड़े से चैनल गेट का ताला तोड़ दिया और जबरन घर में घुस गई। घर के अंदर घुसकर महिला ने चूल्हे पर बैठकर आग लगाने की कोशिश की।
घटना की सूचना मिलते ही अवधपुरी पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को काबू में करने के लिए आसपास के थानों से अतिरिक्त महिला पुलिस बल को भी बुलाया गया। इस दौरान, महिला ने पुलिस के सामने ही निर्वस्त्र होकर हंगामा शुरू कर दिया। उसने अवधपुरी थाना प्रभारी (टीआई) का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने महिला को काबू में किया और उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पिछले दिनों इसी महिला ने एक युवक के खिलाफ रेप का मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। जमानत मिलने के बाद आरोपी युवक अपने परिवार के साथ उत्तर प्रदेश चला गया है। बताया जा रहा है कि जिस घर में महिला ने यह हाई वोल्टेज ड्रामा किया, वह आरोपी युवक के छोटे भाई का है और महिला संभवतः आरोपी से मिलने पहुंची थी।
पुलिस द्वारा खंगाले गए सीसीटीवी फुटेज में महिला के साथ नकाब पहने हुए दो अन्य लोग भी नजर आए हैं। पुलिस अब महिला के इन दोनों साथियों की तलाश में जुटी हुई है।







