यहां हर दिन 15 अगस्त-26 जनवरी! गुजरात के इस गांव में रोज फहराया जाता है तिरंगा

जामनगर: गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस हमारे देश के सबसे बड़े त्योहार हैं. इन दोनों दिनों पर हमारा तिरंगा गर्व और शान के साथ फहराया जाता है, लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि जामनगर जिले का एक ऐसा गांव है जहां रोज ध्वजारोहण किया जाता है और तिरंगे को सलामी देकर राष्ट्रगान गाया जाता है. आइए जानते हैं इस गांव के लोगों का क्या कहना है…
गांव में रोज तिरंगा फहराया जाता है
आज गणतंत्र दिवस की धूमधाम से मनाई जा रही है. तिरंगा फहराया जा रहा है, लेकिन जामनगर जिले के फल्ला गांव में रोज तिरंगा फहराया जाता है और ध्वजारोहण किया जाता है. फल्ला गांव के स्थानीय नेता कमलेश धामसाणिया ने बताया कि यहां गांव के पंचायत मैदान में रोजाना तिरंगा फहराया जाता है. जामनगर जिले का फल्ला गांव, जहां सिर्फ 15 अगस्त या 26 जनवरी को नहीं, बल्कि हर दिन तिरंगा फहराया जाता है.
देशभक्त गांव की एक और खासियत यह है कि ध्वजारोहण कार्यक्रम में सिर्फ स्कूल के बच्चे ही नहीं, बल्कि ज्यादातर ग्रामीण भी शामिल होते हैं. 6000 की आबादी वाला यह गांव आसपास के लोगों में देशभक्ति के लिए जाना जाता है. दिसंबर 2020 से ध्वजारोहण की शुरुआत हुई थी और अब यह एक परंपरा बन गई है. सिर्फ स्कूल के बच्चे ही नहीं, बल्कि पास की बैंक और तहसील पंचायत के लोग भी भारत माता को नमन कर और तिरंगे को सलामी देकर अपने काम की शुरुआत करते हैं.
ऐसा आया विचार
बता दें कि जामनगर के पास स्थित एक निजी कंपनी में शान से लहराते तिरंगे को देखकर गांव के बुजुर्गों को यह विचार आया और गांव के लोगों ने इस विचार को अपनाया. तब से रोजाना तिरंगा फहराया जाता है. फल्ला तहसील स्कूल की प्रधानाचार्या मेधनाबेन लिखिया ने बताया, “विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना जागे और दिन की शुरुआत राष्ट्र के प्रति समर्पण से हो, इसलिए हम रोज तिरंगे को सलामी देकर ही शिक्षण कार्य शुरू करते हैं. यह परंपरा लंबे समय से चल रही है और इसे हमेशा निभाया जाएगा.”







