
उज्जैन में सुबह से गायब 9वीं की स्टूडेंट का शव घर की दूसरी मंजिल पर बोरे में अर्धनग्न हालत में मिला। उसकी गला घोंटकर हत्या की गई है। पुलिस को आशंका है कि नाबालिग लड़की के साथ पहले दुष्कर्म हुआ इसके बाद उसकी हत्या की गई। लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद साफ होगा की लड़की के साथ दुष्कर्म हुआ था या नहीं।
घटना उज्जैन से करीब 70 किमी दूर ग्राम खेड़ावदा की है, जहां 13 साल की नाबालिग नाना-नानी के पास रहकर 9वीं की पढ़ाई कर रही थी। जबकि उसके माता-पिता रतलाम में रहते हैं। वो शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे से अपने घर से गायब थी। जब वो घर पर नहीं दिखी, तो परिजनों ने उसे खोजना शुरू किया, शाम 5 बजे तक उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने भाटपचलाना थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस बच्ची को खोज ही रही थी कि परिवार वालों ने बताया कि लड़की घर की दूसरी मंजिल पर है। पुलिस ने पहुंचकर जानकारी ली तो लड़की का शव बोरे से ढका हुआ मिला। उसके गले पर दबाने के निशान भी थे।