केन्द्रीय जेल जबलपुर में 70वां मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह आयोजित

जबलपुर यश भारत। केन्द्रीय जेल जबलपुर में, जेल अधीक्षक अखिलेश तोमर के मार्गदर्शन में, 70 वें मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर दिनांक 01.11.25 से 03.11.25 तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सभी अधिकारी, कर्मचारी और बंदियों ने उत्साहपूर्वक मध्यप्रदेश गान गाया। बंदियों ने भी समारोह को सफल बनाने में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और मध्यप्रदेश की विशेषताओं का वर्णन करते हुए स्वरचित गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। बंदी मयंक तिवारी, जितेंद्र चौधरी एवं आनंद सोनकर द्वारा मध्यप्रदेश की गौरवशाली विरासत, बहुआयामी संस्कृति, पर्यटन और सांस्कृतिक महत्व के स्थलों को चित्रों के माध्यम से खूबसूरती से प्रदर्शित किया गया। इसके अतिरिक्त, केन्द्रीय जेल जबलपुर में बंदियों द्वारा उत्पादित सामग्री, जैसे चादर, टॉवल, दरी, नैपकिंस, लोहे की सिगड़ी और लकड़ी से बनी हुई वस्तुओं को जन सामान्य के लिए प्रदर्शित किया गया, जिसका लोगों द्वारा क्रय भी किया गया। इस पूरे कार्यक्रम का सफल संयोजन और संचालन कल्याण अधिकारी सरिता घारू द्वारा किया गया।







