69वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन 23 से 28 दिसंबर तक
1216 प्रतिभागी प्रतियोगिता में सहभागिता करेंगे

जबलपुर, यशभारत। 69वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2025-26 का आयोजन स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत जबलपुर में किया जा रहा है। कलेक्टर जबलपुर राघवेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में यह प्रतियोगिता 23 दिसंबर से 28 दिसंबर तक आयोजित होगी। प्रतियोगिता के अंतर्गत खो-खो (19 वर्ष आयु वर्ग बालक/बालिका) तथा बास्केटबॉल (14 वर्ष आयु वर्ग बालक) की राष्ट्रीय स्तरीय प्रतिस्पर्धाएं कराई जाएंगी।
इन प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन की जिम्मेदारी संयुक्त संचालक लोकशिक्षण, जबलपुर संभाग को सौंपी गई है। प्रतियोगिता का उद्घाटन एवं समापन समारोह दिल्ली पब्लिक स्कूल, मण्डला रोड, जबलपुर में आयोजित किया जाएगा।आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता के अध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह (आईएएस), कलेक्टर जबलपुर होंगे। अरुण कुमार इन्गले, संयुक्त संचालक लोकशिक्षण, जबलपुर को संगठन सचिव तथा घनश्याम सोनी, जिला शिक्षा अधिकारी, जबलपुर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
प्रतियोगिता में खो-खो खेल के अंतर्गत 328 बालक, 316 बालिका खिलाड़ी एवं 140 ऑफिशियल्स भाग लेंगे, जबकि बास्केटबॉल प्रतियोगिता में 366 बालक खिलाड़ी एवं 68 ऑफिशियल्स शामिल होंगे। इस प्रकार दोनों खेलों में कुल 1010 खिलाड़ी एवं 206 ऑफिशियल्स, कुल मिलाकर 1216 प्रतिभागी/ऑफिशियल्स प्रतियोगिता में सहभागिता करेंगे।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के आयोजन से जबलपुर शहर में खेल गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलेगी और युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त होगा।







