बदमाशों के हुड़दंग के बीच 6 साल की मासूम पर तलवार से हमला, हालत गंभीर

बदमाशों के हुड़दंग के बीच 6 साल की मासूम पर तलवार से हमला, हालत गंभीर
नाना-नानी के घर से लौट रही थी बच्ची, बाइक सवार पिता पर भी किया वार
भोपाल, यशभारत। राजधानी के शाहजहानाबाद इलाके में बुधवार देर रात बदमाशों ने जमकर तांडव मचाया। दो गुटों के बीच चल रहे विवाद और पथराव के बीच वहां से गुजर रहे एक परिवार पर बदमाशों ने हमला कर दिया। इस हमले में 6 साल की मासूम बच्ची मिरल अहमद के सिर पर तलवार से गहरा वार लगा है। गंभीर हालत में बच्ची को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हथियारों से लैस भीड़ नजर आ रही है।
संकरी गली में फंसा परिवार, फिर बरसीं तलवारें
जानकारी के अनुसार, इंद्र विहार कॉलोनी निवासी फैजान अहमद अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ शाहजहानाबाद स्थित नूर महल (ससुराल) आए थे। रात करीब 12 बजे जब वे बाइक से वापस घर लौट रहे थे, तभी शब्द प्रिंटिंग प्रेस के पास पहले से मौजूद 70-80 युवक आपस में विवाद कर रहे थे। गली संकरी होने के कारण फैजान ने अपनी बाइक मोड़ने की कोशिश की, तभी बेकाबू भीड़ ने उन पर हमला कर दिया। पिता का आरोप है कि किसी ने धारदार हथियार से बच्ची के सिर पर वार किया, जिससे उसे गहरा घाव हो गया।
पुलिस के दावों और पिता के आरोपों में विरोधाभास
घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। शाहजहानाबाद एसीपी अनिल बाजपेई ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर दो टीमें गठित की गई हैं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि शुरुआती मेडिकल रिपोर्ट में धारदार हथियार की पुष्टि नहीं हुई है और चोट गिरने से भी लग सकती है। वहीं, पिता फैजान का स्पष्ट कहना है कि हमलावरों के हाथों में लाठी-डंडे और तलवारें थीं और हमला सीधे तौर पर किया गया था। एसीपी ने आगे बताया कि बच्ची की हालत पर नजर रखी जा रही है। हमने इलाके के सीसीटीवी खंगाले हैं और आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही मुख्य हमलावर सलाखों के पीछे होंगे।







