नए साल से पहले 6 कुख्यात बदमाश जिला बदर

नए साल से पहले 6 कुख्यात बदमाश जिला बदर
भोपाल, यशभारत। राजधानी में नए साल के जश्न के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों में खौफ पैदा करने के लिए भोपाल पुलिस कमिश्नरेट ने सख्त रुख अख्तियार किया है। पुलिस आयुक्त ने शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के 6 आदतन अपराधियों को जिला बदर करने का आदेश जारी किया है। इन बदमाशों पर हत्या, बलात्कार, चोरी और बलवा जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया निर्णय
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आगामी नव वर्ष के आगमन पर शहर में कानून-व्यवस्था न बिगड़े और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके, इसके लिए इन अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाना अनिवार्य था। नए साल के एक दिन पहले जारी आदेश के तहत इन बदमाशों को तत्काल प्रभाव से जिला सीमा छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
इन अपराधियों पर गिरी गाज:
तिलक कामले (टी.टी. नगर): पंचशील नगर निवासी 21 वर्षीय तिलक पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
सौरभ जैन (अयोध्या नगर): 36 वर्षीय सौरभ मूल रूप से सागर का रहने वाला है और वर्तमान में अयोध्या नगर क्षेत्र में सक्रिय था।
यासीन मलिक उर्फ सोबी (कोहेफिजा): प्राइम हाइट्स निवासी 20 वर्षीय यासीन पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं।
सोम कुचबंदिया (तलैया): इतवारा निवासी 30 वर्षीय सोम लंबे समय से पुलिस की रडार पर था।
राहुल पवार उर्फ गैया (शाहपुरा): गुलाब नगर निवासी 28 वर्षीय राहुल शाहपुरा क्षेत्र का सूचीबद्ध बदमाश है।
दानिश कुरैशी (हनुमानगंज): काजी कैम्प निवासी 27 वर्षीय दानिश पर भी अवैध गतिविधियों के कई आरोप हैं।






