छत्तीसगढ़देश

बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर 55 किलो गांजा जब्त, ओडिशा से मध्य प्रदेश ले जा रहे चार तस्कर गिरफ्तार

जीआरपी की बड़ी कार्रवाई

बिलासपुर, यशभारत। अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी ने बिलासपुर रेलवे जंक्शन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 55 किलो 150 ग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में दो महिलाओं सहित चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

जीआरपी के अनुसार, शनिवार को थाना प्रभारी विश्वनाथ चक्रवर्ती को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग रेलवे स्टेशन के माध्यम से बड़ी मात्रा में गांजा लेकर दूसरे राज्य जाने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर में घेराबंदी कर चार संदिग्धों को पकड़ लिया।

32 पैकेटों में मिला 55 किलो से अधिक गांजा

तलाशी के दौरान आरोपितों के कब्जे से 32 पैकेटों में रखा 55 किलो 150 ग्राम गांजा बरामद किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि गांजे की यह खेप ओडिशा से मध्य प्रदेश ले जाई जा रही थी।

दो महिलाओं समेत चार आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपितों में पंकजनी बेहरा निवासी धुपाली (जिला संबलपुर, ओडिशा), रीना पटनायक निवासी आदाटापरा (जिला संबलपुर, ओडिशा), आयुष कुशवाहा निवासी डेडतलई (जिला बुरहानपुर, मध्य प्रदेश) तथा हितेश कुमार भोई निवासी आदापारा (जिला संबलपुर, ओडिशा) शामिल हैं।

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

जीआरपी ने सभी आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत प्रकरण दर्ज किया। विधिवत गिरफ्तारी के बाद सभी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 24 जुलाई तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

तस्करी रोकने के लिए अभियान रहेगा जारी

जीआरपी और आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे स्टेशन और ट्रेनों के जरिए होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। मुखबिर तंत्र को और मजबूत किया जा रहा है तथा अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button