
मध्यप्रदेश के सिवनी में दिलदहलाने वाला वीडियो सामने आया है। यहां 5 साल का बच्चा खौलते पानी में गिर गया। बुरी तरह झुलसे बच्चे ने तीन दिन तड़पने के बाद दम तोड़ दिया। जिस बर्तन में बच्चा गिरा था, उसमें बिरयानी बनाने के लिए पानी खौलाया गया था। पिता के साथ खेलते समय बच्चा पीछे गया और हादसा हो गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
छपारा बस स्टैंड पर खुर्सीपार के रहने वाले वीरेन्द्र लोधी की बिरयानी शॉप है। वीरेंद्र मंगलवार को बिरयानी बनाने की तैयारियों में जुटे थे। वीरेंद्र का बेटा शिवा भी भीतर ही खेल रहा था। वीरेंद्र ने भी बेटे के साथ मस्ती शुरू कर दी। अचानक से शिवा ने अपने कदम पीछे किए और वह खौलते पानी से भरे बर्तन में गिर गया। वीरेंद्र तत्काल बेटे को उठाकर भीतर लेकर भागे। यहां उसे पहले ठंडे पानी में डाला और फिर अस्पताल लेकर पहुंचे।
गर्म पानी में गिरने से मासूम के पेट के साथ ही बैक हिस्सा बुरी तरह से झुलस गया। परिवारवाले प्राथमिक उपचार के बाद घर लेकर लौट आए थे। घर पर ही डॉक्टर की सलाह पर उसका इलाज करवा रहे थे। इलाज के दौरान शुक्रवार रात शिवा की मौत हो गई।