करणी सेना कार्यकर्ताओं पर हमले के मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार

करणी सेना कार्यकर्ताओं पर हमले के मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार
आष्टा, यशभारत। क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। 21 दिसंबर को थाना पार्वती क्षेत्र के अंतर्गत करणी सेना के कार्यकर्ताओं के साथ हुई मारपीट और वाहनों में तोड़फोड़ की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
वीडियो फुटेज से हुई पहचान घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीमें गठित की गई थीं। पुलिस ने घटनास्थल और आस-पास के क्षेत्रों से सीसीटीवी एवं अन्य वीडियो फुटेज खंगाले। साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की गई, जिसके बाद पुलिस ने दबिश देकर चार लोगों को हिरासत में लिया।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अकील अहमद पिता अफजल अहमद, अलीम उद्दीन पिता अमीन उद्दीन, फिरोज उद्दीन पिता जमाल उद्दीन, मुजफ्फर उद्दीन पिता जहीर उद्दीन शामिल है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से सघन पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे की साजिश और इसमें शामिल अन्य चेहरों को बेनकाब किया जा सके। पुलिस का कहना है कि इस मामले में संलिप्त किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।







