30 एकड़ रकवे की फसल जलकर खाक, विद्युत विभाग की लापरवाही, 11 केव्ही जम्फर से उठी चिंगार, बरही के छैघरा-टोला खन्ना बंजारी की घटना

कटनी/बरही, यशभारत। विद्युत विभाग की लापरवाही का खामियाजा अन्नदाताओं को भुगतना पड़ रहा है। जम्फर से निकली चिंगारी ने पलक झपकते ही 30 एकड़ रकवे की फसल स्वाहा हो गई। पिछले 3 साल से इसी जम्फर की चिंगारी से आग लग रही है। वैसे तो नरवाई जलाने पर किसानों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने प्रशासन मुस्तैद है लेकिन विद्युत विभाग की लापरवाही पर प्रशासन ने चुप्पी साध रखी है। पूरा मामला बरही तहसील के ग्राम खन्ना का है, जहां सरपंच हरिहर पटेल समेत 20 किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया। ग्राम खन्ना स्थित छैघरा में 11 केव्ही जम्फर से निकली चिंगारी से भडक़ी आग के आगोश में आने से क्षेत्र की 30 एकड़ रकवे की फसल जलकर खाक हो गई। ग्राम सरपंच हरिहर पटेल के साथ ही पीडि़त किसान गोविंद पटेल, नीरज पटेल, रामावतार यादव, शीतल पटेल, भूपति पटेल के खेतों में खड़ी गेंहू और सरसों की फसल जलकर राख में तब्दील हो गई। आग को काबू करने के लिए नगर परिषद बरही का दमकल दस्ता मौके पर पहुंचा, तब तक 30 एकड़ रकवे की फसल प्रभावित हो चुकी थी। सरपंच पुत्र सतीश पटेल की सूझबूझ से आग पर काबू पा लिया गया। अन्यथा क्षेत्र की पचासों एकड़ रकवा प्रभावित हो जाता।
किसानों ने लगाए आरोप
किसानों का आरोप है कि विद्युत विभाग की घोर लापरवाही से उनकी मेहनत पर पानी फिर गया, अब उनके सामने रोटी का संकट पैदा हो गया। आरोप है कि जहां आग लगी, वहां 11 केव्ही लाईन का जम्फर लगा हुआ है। विद्युत विभाग यहां से एन्टी फंसाकर खुली तारों से 4 किलोमीटर दूर सप्लाई दे रहा है, जिससे निकली चिंगारी से खेतों में खड़ी फसल खाक हुई। करीब 20 किसान इस आग से प्रभावित हुए है।
तहसीलदार का फोन स्विच ऑफ
किसान आग लगने और उससे कुछ राहत मिलने की उम्मीद से बरही के तहसीलदार को फोन लगाया लेकिन दोपहर उनका फोन स्विच ऑफ रहा। किसान राजस्व अमले से सर्वे कराने की मांग के लिए तहसीलदार बरही को कॉल कर रहे थे। ग्राम सरपंच हरिहर पटेल ने बताया कि पिछले 3 साल से जम्फर की चिंगारी से आग लग रही है, लेकिन जिम्मेदार इस ओर ध्यान नही दे रहे है, जिसका खामियाजा किसानों को झेलना पड़ रहा है।
24 घंटे में तीन अग्निदुर्घटनएं, फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा
जिले में बीते 24 घंटों के दौरान आग लगने की तीन अलग-अलग घटनाएं घटित हुई। इन घटनाओं में सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, जिससे किसी बड़े नुकसान की स्थिति नहीं बनी। पहली घटना माधवनगर स्थित अपना धर्मकांटा के पास हुई, जहां अचानक आग लगने से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही माधवनगर जोन से दमकल वाहन तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया। दूसरी घटना पौनिया पडऱभटा में हुई, जहां आग तेजी से फैलने लगी और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। तीसरी घटना इसी दिन शुक्ल पिपरिया में हुई, जहां सूचना मिलते ही बस स्टैंड जोन से दमकल वाहन रवाना किया गया और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। तीनों घटनाओं में दमकल विभाग और स्थानीय लोगों की संयुक्त कोशिशों से आग को फैलने से रोक लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने सभी मामलों की जांच शुरू कर दी है और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।







