
जबलपुर यश भारत। पुलिस अधीक्षक द सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में चल रहे अवैध शराब और मादक पदार्थ के विरुद्ध अभियान के तहत भेड़ाघाट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना भेड़ाघाट की टीम ने एक महिला सहित तीन आरोपियों को 300 पाव देशी शराब के साथ रंगे हाथ पकड़ा है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना तिवारी और सीएसपी बरगी अंजुल अयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी कमलेश चौरिया ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिना नंबर की एक्सिस स्कूटी में दो युवक और एक महिला शराब लेकर भेड़ाघाट की ओर आ रहे हैं।
सूचना पर तेवर ब्रिज के पास घेराबंदी की गई। कुछ देर बाद बताई गई स्कूटी आते देख पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी भागने लगे। घेराबंदी कर पकड़े गए तीनों आरोपियों की पहचान सोहन चौधरी (38), अक्कू उर्फ आकाश चौधरी (26) और कुंती उर्फ वंदना चौधरी (30), निवासी चौधरी मोहल्ला भानतलैया बेलबाग के रूप में हुई।
तलाशी लेने पर एक्सिस स्कूटी से दो बोरियों में रखी 250 पाव और डिक्की में रखी 50 पाव देशी शराब बरामद की गई। कुल 300 पाव देशी शराब (कीमत लगभग ₹28,500) और परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की एक्सिस स्कूटी को जप्त किया गया।
तीनों के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्रधान आरक्षक राकेश रावत और अजय मेहरा की इस कार्रवाई में सराहनीय भूमिका रही।







