भोपालमध्य प्रदेश

फंदा टोल प्लाजा पर 27 क्विंटल मावा-पनीर जब्त

फंदा टोल प्लाजा पर 27 क्विंटल मावा-पनीर जब्त

भोपाल, यशभारत। होली के त्योहार पर मिलावटखोरों के मंसूबों को नाकाम करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कमर कस ली है। राजधानी में मिलावट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विभाग की टीम ने तड़के सुबह खजूरी सड़क स्थित फंदा टोल प्लाजा के पास एक वाहन से 27 क्विंटल मावा और पनीर जब्त किया है। पकड़ी गई सामग्री की अनुमानित कीमत 6 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है।
आधी रात से बिछाया था जाल
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि ग्वालियर से भोपाल की ओर मावा और पनीर की एक बड़ी खेप आ रही है। सूचना मिलते ही खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम पुलिस बल के साथ आधी रात से ही फंदा टोल नाके पर तैनात हो गई थी। तड़के करीब 4 बजे संदिग्ध वाहन के पहुंचते ही उसे घेराबंदी कर रोक लिया गया। वाहन चालक उमेद सिंह ने प्रारंभिक पूछताछ में स्वीकार किया कि वह यह सामग्री भोपाल के विभिन्न केंद्रों पर डिलीवरी के लिए ला रहा था।
जांच के लिए भेजे गए सैंपल
जब्त की गई सामग्री में 26 क्विंटल से अधिक मावा और 45 किलो पनीर शामिल है। टीम ने मौके पर ही मावा और पनीर के 5-5 नमूने लिए, जिन्हें तत्काल राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों ने प्रयोगशाला को पत्र लिखकर रिपोर्ट जल्द देने का आग्रह किया है ताकि मिलावट की पुष्टि होने पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके।
बाजार पर कड़ी नजर
त्योहारी सीजन में शहर में खाद्य पदार्थों की मांग कई गुना बढ़ जाती है। आंकड़ों के अनुसार भोपाल में लगभग 200 क्विंटल मावा और 500 क्विंटल पनीर की खपत होती है। विभाग पिछले एक महीने में अब तक 234 नमूने ले चुका है।
इनका कहना है…
त्योहार के दौरान मिलावट की आशंका बढ़ जाती है, इसलिए होटल, रेस्टोरेंट, डेयरी और मिठाई की दुकानों पर लगातार औचक निरीक्षण और सैंपलिंग की जा रही है। किसी भी सूरत में जनता की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पंकज श्रीवास्तव, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button