ऑपरेशन मुस्कान के तहत 5 दिन में 27 नाबालिग सुरक्षित

ऑपरेशन मुस्कान के तहत 5 दिन में 27 नाबालिग सुरक्षित
– मध्यप्रदेश पुलिस की त्वरित कार्रवाई
भोपाल, यश भारत । महिला एवं बाल सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित ऑपरेशन मुस्कान के अंतर्गत बीते पांच दिनों में बड़ी सफलता हासिल की गई है। प्रदेश पुलिस ने राजस्थान, उत्तरप्रदेश सहित मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से कुल 27 गुमशुदा एवं अपहृत नाबालिग बालक-बालिकाओं को सकुशल दस्तयाब कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया है। यह कार्रवाई अंतर्राज्यीय समन्वय, तकनीकी साक्ष्यों और संवेदनशील पुलिसिंग का उदाहरण बनी है।
शिवपुरी जिले में पांच नाबालिगों की दस्तयाबी की गई, जिनमें एक बालक को महज 10 घंटे में सुरक्षित बरामद किया गया, वहीं जयपुर से दो बालिकाओं को दस्तयाब कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सीहोर जिले में चार नाबालिग बालिकाओं को आष्टा, जावर, रेहटी और भैरूंदा पुलिस टीमों ने तकनीकी सहायता से सुरक्षित निकाला।
सीधी में चीता मोबाइल टीम ने तीन वर्षीय मासूम बच्ची को सुरक्षित परिजनों को सौंपा, जबकि मझौली पुलिस ने महाराष्ट्र और गुजरात से दो नाबालिग बालिकाओं को दस्तयाब कर आरोपियों को पकड़ा। विदिशा, अशोकनगर और बैतूल में कुल छह नाबालिग बालिकाओं को सकुशल उनके परिजनों से मिलाया गया।
उज्जैन जिले में राजस्थान के सांवलियाजी से दो बालिकाओं को बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कटनी में दो, उमरिया में सिलवासा से 15 वर्षीय बालिका, तथा मंदसौर में ग्रेटर नोएडा से 16 वर्षीय बालिका को दस्तयाब किया गया। इसके अलावा दतिया, देवास और बड़वानी में भी एक-एक नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद किया गया।







