भोपालमध्य प्रदेश

राजधानी में 223 नमूनों की जांच, 53 लीकेज दुरुस्त

राजधानी में 223 नमूनों की जांच, 53 लीकेज दुरुस्त
– नगर निगम का दावा लोगों को मिल रहा स्वच्छ जल

भोपाल, यशभारत। नागरिकों को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा जल गुणवत्ता परीक्षण, पाइप लाइनों के लीकेज सुधार तथा नागरिक शिकायतों के त्वरित निराकरण की कार्रवाई निरंतर जारी है। निगम अमले ने शहर की विभिन्न झुग्गी बस्तियों सहित समूचे नगर क्षेत्र से जल परीक्षण हेतु 223 स्थानों से नमूने एकत्र किए। इन नमूनों की जांच नगर निगम की 08 परीक्षण शालाओं के माध्यम से कराई जा रही है।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार जल नमूनों की जांच में गंध, रंग, स्वाद, रेसिडुअल क्लोरीन, पीएच वैल्यू, टरबीडिटी तथा बैक्टीरियोलॉजिकल परीक्षण शामिल हैं, ताकि किसी भी प्रकार की जलजनित समस्या को समय रहते रोका जा सके। लगातार की जा रही इस निगरानी से नागरिकों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है।

जल आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने के साथ-साथ नगर निगम द्वारा तकनीकी खामियों को भी प्राथमिकता के आधार पर सुधारा जा रहा है। मंगलवार को निगम अमले ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पाइप लाइनों में पाए गए 53 लीकेज को दुरुस्त कराया। इससे न केवल पानी की बर्बादी रुकी, बल्कि दूषित पानी के पाइप लाइन में प्रवेश की आशंका भी समाप्त हुई।

नगर निगम द्वारा स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए भी निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को शहर के 139 स्थानों पर सीवेज चेम्बरों की सफाई कराई गई। इसके साथ ही सी.एम. हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त नागरिकों की शिकायतों में से 11 शिकायतों का संतोषजनक निराकरण किया गया।

महापौर मालती राय के निर्देश एवं निगम आयुक्त संस्कृति जैन के आदेशानुसार नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी दल लगातार फील्ड में रहकर जल आपूर्ति और सीवरेज व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। विशेष रूप से झुग्गी बस्ती क्षेत्रों में जल की गुणवत्ता पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है, ताकि वहां निवासरत नागरिकों को भी स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके।

नगर निगम से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक झुग्गी बस्ती क्षेत्रों के 2051 स्थानों सहित शहर भर में कुल 5398 जल नमूनों की जांच कराई जा चुकी है। इसी अवधि में 788 लीकेज सुधारे गए हैं, जिससे जल वितरण प्रणाली में उल्लेखनीय सुधार आया है। इसके अतिरिक्त 39 उच्च स्तरीय टंकियों की सफाई कराई गई है, ताकि संग्रहित जल की गुणवत्ता बनी रहे। वहीं, शहर के 2125 स्थानों पर सीवेज चेम्बरों की सफाई भी कराई जा चुकी है। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि जल गुणवत्ता, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमित परीक्षण, त्वरित सुधार कार्य और शिकायतों के शीघ्र निराकरण के माध्यम से भोपाल को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वास्थ्यकर शहर बनाने की दिशा में निगम के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button