जबलपुरमध्य प्रदेश

ब्रेकिंग न्यूज़: जबलपुर में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही! 11 KV लाइन की चपेट में आया पिकअप वाहन; चालक की मौत, 7 मजदूर झुलसे

जबलपुर यश भारत। जिले के पाटन थाना क्षेत्र के ग्वारी गांव में आज  एक भीषण हादसा हो गया। मक्का तोड़ने आए मजदूरों से भरा एक लोडिंग पिकअप वाहन खेत के ऊपर से गुजर रही 11 केवी (हजार वोल्ट) हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। इस दर्दनाक घटना में पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन महिलाओं समेत सात मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए।

हादसे में 8 लोग प्रभावित:

मृतक: रोशन लडिया (उम्र 45 वर्ष), निवासी डूडी पाटन। (पिकअप वाहन का चालक)

घायल: तीन महिलाओं समेत सात मजदूर गंभीर रूप से झुलसे।

सभी झुलसे हुए मजदूरों को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जबलपुर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

मजदूर मंडला जिले के थे:

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी मजदूर मंडला जिले के सिवनी ग्राम से मक्का तोड़ने के लिए ग्वारी गांव आए थे। सुबह मजदूरी के लिए जाते समय यह लोडिंग पिकअप वाहन ग्वारी गांव के पास हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे वाहन में करंट फैल गया।

बिजली विभाग पर उठे सवाल:

हादसे के बाद बिजली विभाग की घोर लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि 11 केवी की हाईटेंशन लाइन काफी नीचे झूल रही थी, जिसकी शिकायत पहले भी की गई थी। इसके बावजूद विभाग ने इसे ठीक नहीं कराया।

पाटन पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। इस हादसे ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि बिजली विभाग की अनदेखी किस प्रकार गरीब मजदूरों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार के लिए उचित मुआवजे और बिजली विभाग के लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button