185 की आड़, जेब भर रही यातायात पुलिस, चालानी कार्रवाई के दौरान लग रहे अवैध वसूली के आरोप, यातायात थाने में पदस्थ महिला अधिकारी की सबसे ज्यादा शिकायतें

कटनी, यशभारत। सडक़ दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा पिछले कुछ समय से मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत की जा रही कार्रवाई अब लोगों की जेब पर भारी पड़ रही है। चालानी कार्रवाई के दौरान यातायात पुलिस पर अवैध वसूली के आरोप लग रहे हैं। लोगों ने आरोप लगाते हुए बताया कि पुलिस द्वारा बेवजह परेशान किया जा रहा है। कईयों बार कागजात पूरे होने के बाद भी चालानी कार्रवाई के नाम पर अवैध रूप से रूपयों की मांग की जाती है। रूपए नहीं देने पर गाड़ी जब्त करते हुए मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान बना दिया जाता है। यातायात थाने में पदस्थ एक महिला अधिकारी की सबसे ज्यादा शिकायतें हैं। शिकायतों में बताया गया है कि महिला अधिकारी द्वारा लोगों के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। कार्रवाई की धमकी दी जाती है। विदित हो कि पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वाले लोगों की सुरक्षा की दृष्टि से मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन यातायात पुलिस एसपी की मंशा पर पानी फेर रही है। निर्देशों की आड़ में गरीब वर्ग के लोगों को परेशान करते हुए उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उगाही की जा रही है। शाम होते ही शहर के अलग-अलग चौराहों के साथ ही खासकर यातायात थाने के पास झिंझरी नाके के पास महिला पुलिस अधिकारी के साथ ही अन्य पुलिस कर्मी चालानी कार्रवाई के नाम पर वसूली करते हुए आसानी से देखे जा सकते हैं। शहर के जागरूक नागरिकों का कहना है कि यातायात पुलिस न केवल ईमानदार एसपी की मंशा पर पानी फेर रही है वरन लोगों को परेशान करते हुए प्रदेश सरकार की छबि बिगाडऩे का काम कर रही है। लोगों का कहना है कि यातायात पुलिस का मूल दायित्व शहर की अराजक यातायात व्यवस्था को सुधारना है, जिसको लेकर पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा लगातार प्रयासरत हैं लेकिन यातायात पुलिस कर्मचारी यातायात सुधारने की बजाए अवैध उगाही में व्यस्त है। ऐसे में कैसे शहर का टै्रफिक सुधरेगा।







