मंडला lजिले के मवई विकासखंड में जंगली हाथियों का झुंड पिछले 10 दिनों से आतंक मचा रहा है। छत्तीसगढ़ से आए चार हाथियों के इस झुंड ने कान्हा बफर जोन से होते हुए गांवों और खेतों में भारी नुकसान पहुंचाया है। इससे ग्रामीण दहशत में हैं। वहीं वन विभाग की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है। मवई के नायब तहसीलदार ने बताया कि हाथियों ने अब तक तीन घरों को क्षतिग्रस्त किया है। परसेल गांव में करीब 20 किसानों की फसलें बर्बाद कर दी हैं। इसके अलावा, कुदराई, आमगहन, सैदा और सठिया सहित अन्य स्थानों पर भी फसलों को नुकसान पहुंचा है। आमगहन गांव में हाथियों ने एक राशन दुकान की खिड़की तोड़कर अंदर रखा अनाज भी खा लिया। राशन दुकान से अनाज खाने के बाद से ये हाथी रोजाना आमगहन गांव में आ रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। डीएफओ प्रीता एसएम ने बताया कि हाथियों की मौजूदगी मवई-मोतीनाला क्षेत्र में लगभग 10 दिनों से बनी हुई है।
पिछले 5-6 दिनों से वे लगातार मोतीनाला के आमगहन क्षेत्र में आ रहे हैं। रात में वे पहाड़ी पर चले जाते हैं और सुबह 4-5 बजे तक गांवों में लौट आते हैं। डीएफओ ने कहा कि लोगों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है। मोतीनाला, मवई और बिछिया परिक्षेत्र की टीमें लगातार हाथियों की निगरानी कर रही हैं। कच्चे या असुरक्षित मकानों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जा रहा है। फसलों को हुए नुकसान का राजस्व विभाग के समन्वय से सर्वे किया जा रहा है और ग्रामीणों को मुनादी के माध्यम से जागरूक भी किया जा रहा है।