कटनीमध्य प्रदेश

होटलों में ठहरे मुसाफिरों की जानकारी नहीं दी पुलिस को, सीएसपी ने लगाई फटकार, कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने किया शहर का भ्रमण

कटनी, यशभारत। शहर में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार की देर शाम नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया ने शहर का भ्रमण किया। इस दौरान कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे सहित कोतवाली का पुलिस बल उनके साथ मौजूद रहा। भ्रमण के दौरान सीएसपी ने विभिन्न क्षेत्रों में स्थित होटलों की औचक जांच की। जांच के दौरान होटलों में ठहरे लोगों की जानकारी एकत्रित की गई और होटल संचालकों से ठहराव रजिस्टर, पहचान पत्र एवं पुलिस वेरीफिकेशन से संबंधित जानकारी मांगी गई। कुछ होटलों में ठहरे लोगों की जानकारी थाने में उपलब्ध नहीं पाए जाने पर सीएसपी ने संबंधित संचालकों को कड़ी फटकार लगाई और भविष्य में नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि होटल में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जानकारी निर्धारित प्रक्रिया के तहत थाने में देना अनिवार्य है। भ्रमण के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने ऐसे लोगों पर आबकारी अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की और उन्हें चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीना कानूनन अपराध है। सीएसपी नेहा पच्चीसिया ने बताया कि शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button