हनुमानताल में चेहरे पर चाकू से ताबड़तोड़ वार : आंख में हमला कर किया लहूलुहान, फाड़ दिया गाल

जबलपुर, यशभारत। हनुमानताल के मदार छल्ला में चाय पीकर घर जा रहे एक युवक को बीच रास्ते रोककर आरोपी ने रंजिशन गालीगलौच की। जब पीडि़त ने विवाद करने से मना किया तो आरोपी ने आव देखा ना ताव और चाकू से आंख और गाल में हमला कर लहूलुहान कर दिया। पीडि़त को तत्काल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, वहीं आरोपी मौके से फरार है। प्रकरण दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी को सरगर्मी से तलाश करने में जुटी है।
जानकारी अनुसार पुलिस ने बताया कि मो. छोटे उर्फ जमाल अंसारी 22 वर्ष निवासी टेढ़ीनीम ने बताया कि वह बुटिक का काम करता है । देर रात वह मदार छल्ला मैदान से चाय पीकर वापस जा रहा था तभी अमीर मुकीम का बेटा मिला और उसे पुराने विवाद को लेकर गाली गलौज करने लगा, उसने गालियां देने से मना किया तो चाकू से हमलाकर गाल एवं आंख में चोट पहुंचा दी। जब लोगों ने बीच बचाव किया तो अमीर जान से मारने की धमकी देेते हुये भाग गया।







