भोपालमध्य प्रदेश

स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर सीएमएचओ सख्त, अनुपस्थित मिले तीन चिकित्सकों का वेतन कटा

स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर सीएमएचओ सख्त, अनुपस्थित मिले तीन चिकित्सकों का वेतन कटा

‘सार्थक ऐप’ की उपस्थिति से वेतन आहरण के निर्देश

भोपाल, यशभारत। शहर की स्वास्थ्य संस्थाओं में चिकित्सकों की गैर-जिम्मेदाराना अनुपस्थिति पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) भोपाल, डॉ. मनीष शर्मा ने कड़ा रुख अपनाया है। गुरुवार को किए गए औचक निरीक्षण के दौरान ओपीडी (OPD) के निर्धारित समय पर अनुपस्थित पाई गईं तीन महिला चिकित्सकों का सात दिनों का वेतन काटने की कार्रवाई की गई है और सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। साथ ही, इन सभी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए वरिष्ठ कार्यालय को जानकारी भेजी जा रही है।

ये चिकित्सक रहीं अनुपस्थित

सीएमएचओ डॉ. शर्मा द्वारा किए गए निरीक्षण में कई चौंकाने वाली अनियमितताएं सामने आईं:

डॉ. स्मिता लाड: सुबह 9:30 बजे सिविल डिस्पेंसरी बागसेवनिया की संस्था प्रभारी डॉ. स्मिता लाड अनुपस्थित मिलीं। उनके सार्थक ऐप और उपस्थिति रजिस्टर में दर्ज जानकारी का सत्यापन कर, उसी के अनुरूप वेतन आहरण सुनिश्चित करने के लिए सिविल सर्जन को पत्र भेजा गया है।

डॉ. सलोनी सिंह: सुबह 10:30 बजे शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोकता में चिकित्सा अधिकारी डॉ. सलोनी सिंह भी ओपीडी से नदारद थीं। महत्वपूर्ण बात यह है कि सार्थक ऐप पर उनकी उपस्थिति दर्ज थी, जिस पर सीएमएचओ ने स्पष्टीकरण मांगा है।

डॉ. समरीन खान: सुबह 11:30 बजे तक संजीवनी क्लिनिक हबीबिया स्कूल में न पहुंचने पर डॉ. समरीन खान को भी नोटिस जारी किया गया है।

सार्थक ऐप से होगा वेतन का मिलान

डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि भविष्य में वेतन आहरण करने से पूर्व सभी संस्थाओं को ‘सार्थक ऐप’ पर दर्ज उपस्थिति का मिलान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि ओपीडी के समय चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण जारी रहेगा। उन्होंने कहा, “लगातार तीन नोटिस के बाद भी कार्य में सुधार न होने पर संबंधितों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी भेजी जाएगी।” यह कार्रवाई स्वास्थ्य सेवाओं में जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button