स्वच्छता और जल संरक्षण के साथ नगर निगम की योजनाओं के समन्वय की नागरिकों से अपील
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने नगरवासियों को होली की शुभकामनाएं..

नगर वासियों को होली की शुभकामनाएं, निगम सेवाएं उपलब्ध कराने निगमायुक्त ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश
स्वच्छता और जल संरक्षण के साथ नगर निगम की योजनाओं के समन्वय की नागरिकों से अपील
कटनी। नगर निगम की निगमायुक्त तपस्या परिहार ने नगर वासियों को होली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह पर्व सामाजिक एकता, उल्लास और भाईचारे का प्रतीक है। साथ ही नागरिकों से अपील की है कि होलिका दहन के दौरान लकड़ी की जगह उपलों और गौकाष्ठ का प्रयोग करें तथा पर्व के दौरान स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का ध्यान रखें।
निगमायुक्त ने विशेष रूप से कहा कि पानी का अपव्यय न करें, होलिका दहन के लिए सुरक्षित स्थान चुनें और हर्बल रंगों का उपयोग करें। उन्होंने यह भी कहा है कि इस बार होली के उत्सव को नगर निगम की अन्य योजनाओं जैसे साफ-सफाई अभियान, नागरिकों की सुविधाओं हेतु कराये जा रहे नवीन निर्माण कार्यो की सुरक्षा एवं देखरेख के साथ समन्वयित रूप से मनाया जाए।
शहर क्षेत्रों में होली के दौरान सभी नागरिकों को सुरक्षित और व्यवस्थित पर्व सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम की टीम सेवाओं को प्रदान करने सक्रिय रहेगी। निगमायुक्त ने अपील की है कि सभी सामाजिक और पर्यावरणीय नियमों का पालन करें, ताकि यह पर्व खुशियों, उल्लास और स्वास्थ्य पूर्ण वातावरण में मनाया जा सके। यह पहल नगरवासियों को पर्यावरण और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ शहर के विकास और सुरक्षा के संदेश को भी मजबूत करती है।







