सिटी मॉल के सामने चाकूबाजी के दो आरोपी गिरफ्तार, पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दी वारदात, चाकू एवं स्कूटी जब्त

कटनी, यशभारत। पुरानी रंजिश के चलते सिटी मॉल के सामने चाकूबाजी की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने चंद घंटों में गिरफ्तार किया है और आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू एवं स्कूटी बरामद करते हुए माननीय न्यायालय के आदेश पर आरोपियों को जेल भेजे दिया है। कोतवाली टीआई राखी पांडे ने बताया कि 15 जुलाई की रात 08.45 बजे बरही रोड स्थित सिटी मॉल के सामने पुरानी रंजिश को लेकर चाकूबाजी की एक वारदात हो गई थी। शिवनगर निवासी दीपक टीपा अपने भाई कुलदीप टीपा तथा मित्र श्रीमौर्य एवं यश चौहान के साथ सिटी मॉल पंकज पैलेस के सामने सडक़ पार कर रहा था। तभी हेमंत उर्फ टुंईया निषाद अपने साथी सागर निषाद के साथ वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश के चलते गाली गलौज करने लगा। विरोध करने पर सागर निषाद ने दीपक के दोनों हाथ पकड़ लिए, जबकि हेमंत उर्फ टुंईया ने उसके साथ मारपीट की। बीच बचाव करने आए कुलदीप टीपा पर हेमंत ने जान से मारने की नीयत से चाकू से पेट पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए हेमंत निषाद उर्फ टुंईया पिता विजय निषाद एवं सागर निषाद पिता राजाराम निषाद दोनों निवासी आधारकाप को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू एवं स्कूटी जब्त की गई है।
आदतन अपराधी निकले दोनों आरोपी
कोतवाली थाना प्रभारी राखी पाण्डेय ने बताया कि दोनों आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते दीपक टीपा एवं उसके भाई कुलदीप टीपा के साथ मारपीट कर चाकू से जानलेवा हमला किया। जांच में पाया गया कि दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। आरोपी हेमंत उर्फ टुंईया निषाद के विरुद्ध कोतवाली एवं कुठला में पूर्व से 5 आपराधिक प्रकरण, जबकि आरोपी सागर निषाद के विरुद्ध कोतवाली, कुठला एवं एनकेजे में पूर्व से 10 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी राखी पाण्डेय, खिरहनी चौकी प्रभारी किशोर द्विवेदी, एएसआई रामेश्वर प्रसाद पटेल, एएसआई विजय गिरी, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह, रामपाल बागरी, अनिल सेंगर, वीरेन्द्र सिंह, वीरेन्द्र तिवारी, आरक्षक अजय प्रताप सिंह, दीपक तिवारी, प्रवीण सिंह एवं विवेक मिश्रा की सराहनीय एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही।







