सागर में खाली मकान में घुसा तेंदुआ:सुबह खेत में बने मकान में आराम फरमाता दिखा, रेस्क्यू टीम निशाना लगाती रही और तेंदुआ भाग गया

जिले के गढ़ाकोटा के पचारा पिपरिया रोड पर स्थित खाली मकान में तेंदुआ घुस गया। सुबह तेंदुआ यहां आराम फरमाता दिखा। इसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गांव वालों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने वन विभाग के अधिकारियों का बताया। रात को करीब 6 बजे पन्ना से रेस्क्यू टीम पहुंची। करीब आधा घंटे तक टीम ट्रैंक्युलाइज करने के लिए निशाना साधे बैठी रही। टीम ने पटाखे भी फोड़े। इसी बीच अंधेरे में तेंदुआ टीम के सामने ही जंगल की ओर भाग गया। अब टीम उसे तलाशने की कोशिश कर रही है।
टीम का मानना है कि संभवत: तेंदुआ नौरादेही अभयारण्य से भटकते हुए आया होगा। यह अभयारण्य सागर और दमोह जिले में फैला है। टीम अब तेंदुए की तलाश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, गांव में सड़क किनारे मथुरा पटेल का कच्चा मकान बना है। हालांकि यहां कोई रहता नहीं है। यहां मथुरा पटेल का कुछ सामान पड़ा है। कभी-कभार खेत के रखवाली करने के लिए वे यहां रुक जाते हैं। शनिवार सुबह करीब 8 बजे खेत पर पहुंचे लोगों को इस मकान में तेंदुआ दिखा। यहां साइकिल के पीछे छिपकर बैठा तेंदुआ आराम फरमा रहा था। लोगों ने इसकी जानकारी गांव वालों को दी। हालांकि, उसने किसी पर हमला नहीं किया और न ही भागने की कोशिश की।