जबलपुरभोपालमध्य प्रदेशराज्य
सागर के रानी अवंती बाई लोधी विश्वविद्यालय के भवन निर्माण के लिए 150 करोड़ रुपए स्वीकृत : नए स्थापित हुए 3 अन्य विश्विद्यालयों के लिए भी कुल 495 करोड़ रु की भी राशि मंजूर

यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ राज्य सरकार के उच्च शिक्षा विभाग ने सागर के रानी अवंती बाई लोधी विश्वविद्यालय के भवन निर्माण के लिए 150 करोड़ रुपए स्वीकृती प्रदान की है। मंत्रि-परिषद् के आदेश के अनुपालन में विश्वविद्यालय के भवन निर्माण सहित पूंजीगत परियोजना के लिए सशर्त रूप से उक्त राशि की स्वीकृति दी गई है। इसके साथ ही नए स्थापित हुए 3 अन्य विश्विद्यालयों के लिए भी कुल 495 करोड़ रु की राशि मंजूर की है।
यश भारत को मिली जानकारी के अनुसार सागर स्थित रानी अवन्तीबाई लोधी विश्वविद्यालय के लिए 150 करोड़ रुपए, खरगोन स्थित क्रांतिसूर्य टंटया भील विश्वविद्यालय के लिए 150 करोड़ रुपए, गुना स्थित क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय के लिए 150 करोड़ रुपए एवं शहडोल स्थित पंडित शम्भुनाथ शुक्ला विश्वविद्यालय के लिए 45 करोड़ रुपए; इस प्रकार कुल 495 करोड़ रुपए राशि की भविष्य में पुनर्विलोकन की शर्त पर सैद्धांतिक अनुमति दी गई है। इस राशि के आवंटन के बाद इन विश्वविद्यालय में उनके खुद के भवन बनने का रास्ता भी साफ हो गया है।