सनातन चौक पर मौत का तांडव, मिक्चर मशीन ने एक्सिस सवार महिला को रौंदा — चंद सेकंड में उजड़ गई ज़िंदगी

जबलपुर यश भारत। विजय नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सनातन चौक शुक्रवार 11 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 12:00 बजे एक बार फिर खूनी चौराहा बन गया। यहां एक ट्रांजिट मिक्चर (क्रमांक MP20HB8558) की चपेट में आने से एक्सिस सवार महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल होकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब जीरो डिग्री की ओर से आ रहा ट्रांजिट मिक्चर और जीरो डिग्री की ओर जा रही एक्सिस सनातन चौक के पास आमने-सामने आ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक्सिस सवार एक महिला मिक्चर के नीचे आ गई और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतका की पहचान सुषमा सतनामी, निवासी कांचघर झंडा चौक, जबलपुर के रूप में की जा रही है। बताया गया है कि यह नाम पंजाब नेशनल बैंक की पासबुक में दर्ज है, हालांकि पुलिस द्वारा अन्य दस्तावेजों के आधार पर पुष्टि की प्रक्रिया जारी है।
हादसे के बाद ट्रांजिट मिक्चर का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। घटनास्थल पर पहुंची विजय नगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर शहर में भारी निर्माण वाहनों की लापरवाह आवाजाही और ट्रैफिक नियंत्रण व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।







