सटोरियों से पूछताछ में पुलिस को मिले कई अहम सुराग, ऑनलाइन आईडी बनाकर सट्टा खिलाने वाले मुख्य आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही पुलिस

कटनी, यशभारत। आईपीएल मैचों में सट्टा लगाने के मामले में 9 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सटोरियों से कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में पुलिस को सट्टेबाजी को लेकर कई अहम तथ्य हाथ लगे हैं। पुलिस का कहना है कि सटोरियों से मिली जानकारी के आधार पर अगले कुछ दिनों में बड़ी कार्रवाई की जाएगी। खासकर सट्टेबाजी का गढ़ बन चुके माधवनगर में पुलिस खास नजर है। यहां पुलिस बुकीज के साथ ही सटोरियों पर जल्द ही कार्रवाई करेगी। गिरफ्तार आरोपियों के माध्यम से ऑनलाइन आईडी बनाकर सट्टा खिलाने वाले मुख्य आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। विदित हो कि ऑपरेशन क्लीन लिफ्ट के तहत आईपीएल सट्टा खेलने वाले 9 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। माधवनगर थाना प्रभारी संजय दुबे एवं कोतवाली थाना प्रभारी राखी पाण्डेय के नेतृत्व में साइबर सेल एवं थाना स्तर की 4 विशेष टीमों ने शहर के संवेदनशील एवं संभावित सट्टा प्रभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर कार्रवाई की। टीमों द्वारा तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल डेटा ट्रैकिंग एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए सूचना संकलित की गई। इन सूचनाओं के आधार पर चिन्हित स्थानों पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन आईडी के माध्यम से सट्टा खेलते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से सट्टा खेलने में प्रयुक्त मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं अन्य सामग्री भी जप्त की गई है।
इनकी हुई गिरफ्तारी
कोतवाली पुलिस ने पंकज उर्फ हेमन्त पिता त्रिलोकी चंद्र खटीक निवासी नई बस्ती, विक्की पुरुस्वानी पिता दिलीप कुमार पुरुस्वानी निवासी संत नगर, आजाद अहमद पिता सत्तार खान निवासी पुरानी बस्ती, साजिद अली निवासी ईश्वरपुरा वार्ड, राम निषाद पिता रविशंकर निषाद निवासी जगमोहन वार्ड नई बस्ती, विजय मूलचंदानी पिता मोहनलाल मूलचंदानी निवासी माधवनगर एवं माधवनगर पुलिस ने संजय सोमवानी पिता लद्दाराम सोमवानी निवासी कैरिन लाइन, मुकेश दौलतानी पिता स्व. कन्हैयालाल दौलतानी निवासी एडीएम लाइन कैम्प एवं जय इसरानी पिता नंदलाल इसरानी निवासी शुभ सिटी माधवनगर को गिरफ्तार किया।
ऑनलाइन सट्टा अवैध और जोखिमपूर्ण जाल : एसपी
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि ऑनलाइन सट्टा अवैध और जोखिमपूर्ण जाल है, जो न केवल आर्थिक नुकसान पहुंचाता है, बल्कि कानूनी कार्रवाई का कारण भी बन सकता है। नागरिकों से अपील है कि सट्टेबाजी से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल डायल 100 या पुलिस के आधिकारिक व्हाट्सएप 7587615946 पर दें। ऑनलाइन या ऑफलाइन किसी भी प्रकार की सट्टा-जुआ गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







