संवेदनशील इलाकों में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, गश्ती दल के साथ चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स की तैनाती, पुलिस-प्रशासन अलर्ट, सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील

कटनी, यशभारत। होली को लेकर पुुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया है। आज 3 मार्च को होलका दहन के साथ ही कल धुरेड़ी मनाई जाएगी। पुलिस और प्रशासन ने पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कमर कस ली है। होली के त्योहार के मद्देनजर जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अलर्ट हो गई है। जिला प्रशासन ने शांति और सौहार्द के साथ होली मनाने की अपील की है। शहर के प्रमुख मार्गों में पुलिस की तैनाती की गई है। कलेक्टर आशीष तिवारी एवं पुलिस कप्तान अभिनय विश्वकर्मा ने आम जनता से होली का त्योहार शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अशांति या विवाद की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित किया जाए। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने होली के दिन शराब पीकर हुड़दंग मचाने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और मारपीट जैसी घटनाओं से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर में विशेष निगरानी रखी जाएगी और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। होली के दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा पुलिस के विशेष गश्ती दल और रैपिड एक्शन फोर्स को भी तैनात किया गया है।






