देश

विशेष साक्षात्कार : अपराधियों में हो खौफ, जनता खाकी को समझे हमदर्द, पुलिस कप्तान अभिनय विश्वकर्मा के साथ यशभारत की खास बातचीत

कटनी, यशभारत। जिले के पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि कटनी में पोस्टिंग के बाद से ही मेरी पहली प्राथमिकता कानून का राज स्थापित करना रही है और इसके लिए हर स्तर पर प्रयास भी किये गए हैं। कैमोर और बाकल में हुई घटनाओं के बाद पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए चंद घंटों में ही अपराधियों को जेल की सलाखों के पीछे किया। इससे जनता का पुलिस पर विश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि गलत काम करने वालों में खाकी का डर होना चाहिए। आम जनता को पुलिस से डरने की जरूरत नहीं है। पुलिस उनकी दोस्त हैं। एसपी श्री विश्वकर्मा ने यह बात यशभारत प्राइम टाइम विथ आशीष शुक्ला कार्यक्रम में यशभारत के स्थानीय संपादक आशीष सोनी, पत्रकार आशीष रैकवार एवं पत्रकार संजय खरे से बातचीत करते हुए कही। उनका कहना है कि कटनी जिले में आम जनता की शिकायतों को समय सीमा में हल किया गया है।

सवाल : आपने जब कटनी जिले का पदभार ग्रहण किया, तब पुलिस के सामने बड़ी चुनौतियां थीं। लगातार अपराध हो रहे थे। पुलिस की छबि पर भी असर पड़ रहा था। ऐसे में आपने किस तरह सिच्युएशन को कंट्रोल किया।

जबाव : जब मैने कटनी जिले का पदभार ग्रहण किया, तब स्वाभविक सी बात है, मेरा यह पहला चार्ज था और एक पुलिस अधीक्षक के नाते जो दायित्व होते हैं, उसको समझना और समय-सीमा के अंदर एग्जीक्यूट करवाना मेरे लिए बड़ा चैलेंज था, परंतु जनता की जो अपेक्षाएं होती हैं, जिसमे जनता की शिकायतों को समय से सुना जाए और उसका निराकरण करवाया जाए। किसी के साथ अन्याय हो रहा है, तो उसमें पुलिस निष्पक्षता के साथ कार्रवाई करे और साधारण रूप से क्षेत्र में एक सुरक्षा का भाव रहे। इसी उद्देश्य के साथ कार्य करना शुरू किया। सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि हमे सुरक्षा का वातावरण तैयार करना है, जिसमे आम जनता अपने आपको सुरक्षित महसूस करे। महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण बने। यातायात की जो समस्या है, उसमे हम मिल-जुलकर ऐसे प्रयास करें, जिससे सुगमता बने और लोगों को आसानी हो। इन सभी उद्देश्यों के साथ मैने काम करना शुरू किया। एक-एक करके सभी मुद्दों को गहराई से समझा और उसमें क्या-क्या समस्याएं है, उसमे फोकस किया। अब जाकर हम ऐसा महसूस कर पा रहे हैं कि कुछ चीजों में हमने सफलता प्राप्त की है और मुझे लगता है कि जनता इस बात को एप्रीशिएट करती होगी कि उनकी शिकायतों का निराकरण जल्द किया जा रहा है। जनसुनवाई के माध्यम से हम सभी की शिकायतों को सुनते हैं और इन शिकायतों का निराकरण करने का प्रयास करते हैं।

सवाल : जिले के कई पुलिस थाने बल की कमी से जूझ रहे है। थानों में जितना स्टाफ होना चाहिए, उतना नहीं है। इसको लेकर पीएचक्यू से कोई संवाद हुआ है।

जबाव : हम सभी जानते हैं कि बढ़ती आबादी के साथ ही अपराध में भी बढ़ोतरी हो रही है। यातायात का भी दबाव लगतार बढ़ रहा है। गाडिय़ों की संख्या भी बढ़ रही है। कर्मचारियों और संसाधन कम होने से स्वाभाविक रूप से दबाव महसूस किया जाता है। राज्य सरकार द्वारा भी इसको लेकर लगातार विचार किया जा रहा है और मुख्यमंत्री द्वारा भी पुलिस भर्ती के निर्देश दिये गए हैं। मुझे लगता है कि आने वाले समय में इस समस्या का निराकरण किया जाएगा।

सवाल : जनता का ऐसा सोचना है कि पुलिस भय का वातावरण बनाती है। पुलिस से लोग डरते हैं। आपने जब से चार्ज लिया है, तब से पुलिस दोस्ती के भाव से लोगों के साथ पेश आ रही है और दोस्ताना संबंध बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

जबाव : पुलिस से भय केवल अपराधियों को होना चाहिए। अपराधी कोई भी हो, अगर उसने कोई अपराध किया है और उसके मन में पुलिस का भय है, तो यह पुलिस की सफलता है। आम जनता के मन में पुलिस का भय नहीं होना चाहिए। हम पूरा प्रयास करते हैं कि कोई भी व्यक्ति, जो बिना किसी गलती के नियमों का पालन कर रहा है तो पुलिस द्वारा उसकी हर तरह से सहायता की जाए। बदमाशी करने वाले और नियमों का उल्लंघन करने वाले जो लोग हैं, उनके विरुद्ध पुलिस सख्त कार्रवाई करे। जिससे आम जनता के मन में यह भाव आए कि जो नियमों का पालन कर रहे हैं और किसी भी प्रकार से गलत नहीं है, उन्हें पुलिस परेशान नहीं करेगी। इसके अलावा जनता की कोई भी शिकायत हो, सभी पुलिस अधिकारी कर्मचारी उसका निराकरण करने का प्रयास करते हैं। मुझे लगता है कि जनता के मन मे अपनी बात रखने का विश्वास जगा है। हमारा यह प्रयास है कि जनता के मन में पुलिस के प्रति यह विश्वास बना रहे।

सवाल : रंगनाथ नगर और एनकेजे को टीआई रैंक का बनाये जाने का कोई प्रस्ताव है।

जवाब : किसी भी थाने में अपराध की संख्या, उसकी भौगोलिक स्थिति और कानून व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए समय समय पर विचार किया जाता है कि वहां पर किस रेंक के अधिकारियों की पोस्टिंग की जानी है, इसको लेकर भविष्य में कार्रवाई की जाएगी।

सवाल : गुजारिश सम्मेलन में पुलिस कर्मचारियों की किस तरह की समस्याएं सामने आई थी और उसका निराकरण किस तरह किया जा रहा है।

जबाव : पुलिस कर्मचारियों के लिए गुजारिश सम्मेलन का आयोजन किया गया था, जिसमे पुलिस कर्मचारी और उनके परिवार के लोग सम्मिलित हुए थे। आम तौर पर यह देखा गया है कि पुलिस कर्मचारियों की जो कार्यशैली होती है, उसमें कई बार लम्बे ड्यूटी अवर्स होते हैं। उनकी कई तरह की समस्याएं रहती है लेकिन कार्य की चुनौतियों के कारण उसको नहीं देख पाते हैं, इसलिए सम्मेलन आयोजित किया गया था। जिसमे कई प्रकार की समस्याएं सामने आई थी। पुलिस कर्मचारियों के रहवासी क्षेत्र में कुछ कमियां बताई गई थीं। उसमें सुधार करने के लिए कहा गया था। कर्मचारियों ने बताया था कि कुछ अच्छे अवसर होते हैं, जिसमे उन्हें परिवार के साथ समय गुजारने की आवश्यकता होती है। इस तरह के कई मुद्दे सामने आए थे, जिसको लेकर हमारे द्वारा कुछ निर्णय तत्काल लिए गए और कुछ पर विधि सम्मत कार्रवाई के लिए कहा गया है। जो सुधार रहवास एरिया में करवाये जाने हैं, उसके लिए कहा गया है। इसके अलावा कर्मचारियों की निजी समस्याओं को नोट कराया गया है और समय सीमा में उसका निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा।

सवाल : कटनी रेलवे का बड़ा जंक्शन है। चारों दिशाओं से गाडिय़ां आती है, अपराधी भी यहां आकर पनाह लेते हैं। नशे का कारोबार भी बढ़ रहा है। इसकी रोकथाम के लिए क्या प्रयास किये जा रहे हैं।

जवाब : कटनी जिले में कई रेलवे स्टेशन हैं। चारों दिशाओं से गाडिय़ां आने के कारण स्वाभाविक है कि बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना यहां होता है। कईयों बार अपराध होने की स्थिति में दूसरे शहरों से भी अपरधी को पकडक़र कटनी लाया गया है। इसके अलावा रेलवे प्रशासन से कहा गया है कि रेलवे परिसर को सीसीटीवी कैमरों से कव्हर किया जाए। इसी तरह जीआरपी और आरपीएफ के साथ समन्वय बनाकर संयुक्त रूप से अभियान चलाए जाते हैं, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। इसके बाद भी यदि घटनाएं होती है तो संसाधनों के माध्यम से हम आरोपी को जल्द से जल्द पकडऩे का प्रयास करते हैं। कई मामलों में हमे सफलता भी मिली है। सीआरपीएफ जवान की रायफल मैगजीन चोरी मामले में भी पुलिस ने आरोपियों को पकड़ते हुए चोरी गया सामान बरामद किया था।

सवाल : कटनी जिले में सायबर क्राइम के मामले लगातार बढ़ रहे हैं।

जवाब : सायबर क्राइम एक प्रकार उभरता हुआ एरिया है, जिसमे हमारे पास समय समय पर ठगी और धोखाधड़ी की शिकायतें आती रहती हैं, इसको लेकर हम लगातार जागरूक करने के साथ ही कार्रवाई कर रहे हैं। अभियान चलाए जा रहे हैं। सायबर हेल्पलाइन नम्बर 1903 के माध्यम से भी लोगों को अवेयर करने की मुहिम चलाई जा रही है। पिछले कुछ दिनों में इस तरह के कई मामले सामने आए, जिसमे सायबर क्राइम करने वाले लोगों को पकडक़र उनका नेटवर्क तोड़ा गया है। लोगों को भी सतर्क रहने की आवश्यकता है।

सवाल : कैमोर में हुई घटना के बाद दो समुदायों के बीच तनातनी की स्थिति को किस तरह नियंत्रित किया।

जवाब : कैमोर में एक बहुत ही दुखद घटनाक्रम हुआ था, जिसमे एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना को लेकर आम जनता में काफी आक्रोश था। लोगों की मांग थी कि आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जाए। इसको लेकर पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी की और कैमोर में कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए भी प्रयास किये गए।

सवाल : कटनी में ट्रैफिक एक बड़ी समस्या है। इसको लेकर कोई प्लान बनाया है।

जवाब : यातायात को लेकर जब मेरे द्वारा शहर का भ्रमण किया गया तो कई जगहों पर ऐसी समस्याएं सामने आईं, जिसका निराकरण किया जाना उचित लगा। मुख्य तौर पर जाम लगने, अतिक्रमण और अवैध पार्किंग की समस्या है। कई ऐसी जगह है, जहां लगातार दुर्घटनाएं हो रही है। एक-एक करके सभी समस्याओं को सुधारने का प्रयास किया जा रहा है। सबसे पहले 10 ब्लैक स्पॉट को चिन्हित किया गया था, जहां सुधार करवाया गया है। अब केवल 4 ब्लैक स्पॉट बचे हंै, उसमे भी सुधार का प्रयास है। इसके अलावा जहां पर जाम लगने, अतिक्रमण ओर पार्किंग की समस्या है, वहां पर कमिश्नर के साथ सयुंक्त रूप से भ्रमण करते हुए हिदायत दी गई है। इसमें हमने कई एरिया को चिन्हित किया है। सेंट्रल पार्किंग को हटाया गया है। दुपहिया वाहनों की पार्किंग के लिए जगह चिन्हित की गई है। कुछ जगह पर रोटरी बनाई जा रही है। दुर्घटनाओं को रोकने की दिशा में नो हेलमेट नो अटेंडेस की पॉलिसी बनाई गई है, जिसे सभी शासकीय और निजी संस्थानों में लागू किया गया है। जिसमे कई संस्थाओं से सहयोग मिल रहा है। हेलमेट पहनने को अपनी दिनचर्या में शामिल किया जाए, ताकि मृत्यु की संभावना कम रहे। लोगों से भी अपील हैं कि वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल किया जाए।

सवाल : नववर्ष 2026 पर शहर के लोगों को क्या संदेश देंगे।

नया साल शहर के सभी लोगों के लिए उम्मीदों और खुशियों से भरा रहे। सभी अपने प्रयास ईमानदारी से करते रहें और नियमों का पालन करते हुए शासन और प्रशासन की नीतियों के अनुसार कार्य करते रहें। सभी को मेरी तरफ से शुभकामनाएं…IMG 20251231 WA0662 1 IMG 20251231 WA0663 1

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button