विजय नगर थाना क्षेत्र में चोरी की बड़ी वारदात टली, एक चोर गिरफ्तार, दूसरा फरार

जबलपुर।विजय नगर थाना अंतर्गत जगदम्बा कॉलोनी में देर रात चोरी की नीयत से आए दो चोरों को रहवासियों ने सतर्कता दिखाते हुए पकड़ लिया। इस दौरान एक चोर मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।जानकारी के अनुसार, दोनों चोर औजारों व हथियारों से लैस होकर कॉलोनी में दाखिल हुए थे। चोरी की योजना के तहत वे करीब तीन घंटे तक कॉलोनी की छतों पर छिपे रहे, लेकिन रहवासियों को उनकी संदिग्ध गतिविधियों की भनक लग गई।
मौके पर एकत्रित लोगों ने एक चोर को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही विजय नगर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।रहवासियों की सूझबूझ और पुलिस की तत्परता से कॉलोनी में चोरी की एक बड़ी घटना टल गई। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चला रही है। 







