वाह रे! प्रशासन : 10.54 लाख की लागत से बना चेकडैम एक साल में ही रिसने लगा : गुणवत्ता पर उठे सवाल

यशभारत डिण्डौरी lजनपद पंचायत शहपुरा अंतर्गत ग्राम पंचायत करौंदी के देवनाला में लगभग 10 लाख 54 हजार रुपये की लागत से निर्मित चेकडैम की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। निर्माण के महज एक वर्ष के भीतर ही चेकडैम से पानी का रिसाव होने लगा है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त है।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता संबंधी मानकों का पालन नहीं किया गया, जिसके कारण चेकडैम से लगातार पानी रिस रहा है। मामले का वीडियो ग्रामीणों द्वारा बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है, जिसके बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान भी उन्होंने अनियमितताओं की शिकायत की थी तथा इस संबंध में सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बावजूद न तो शिकायत की निष्पक्ष जांच की गई और न ही किसी जिम्मेदार अधिकारी अथवा संबंधित एजेंसी पर कार्रवाई की गई।
ग्रामीणों का कहना है कि शासन की लाखों रुपये की राशि खर्च होने के बाद भी निर्माण कार्य टिकाऊ साबित नहीं हो सका। उनका आरोप है कि यदि समय रहते गुणवत्ता की जांच की जाती तो आज यह स्थिति निर्मित नहीं होती।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं तकनीकी जांच कराई जाए तथा यदि निर्माण कार्य में लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है तो दोषी अधिकारियों, कर्मचारियों और निर्माण एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही चेकडैम की मरम्मत कर जल संरक्षण व्यवस्था को दुरुस्त करने की भी मांग की गई है।
अब देखना यह होगा कि सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लेता है और जांच के बाद क्या कार्रवाई करता है।
इनका कहना है …
पंचायत कर्मियों द्वारा घटिया सामग्री से निर्माण कार्य करने के चलते एक ही साल में चैक डैम की गुणवत्ताहीन होने के चलते टूट गया है, प्रशासन से मांग है कि जिम्मेदारों पर कार्यवाही की जाए और शासकीय राशि का दुरूपयोग करने वालों पर कार्यवाही की जाए – निर्मल कुमार, ग्रामीण






