शहडोल। जिला पुलिस विभाग में पदस्थ एक एएसआई को रिश्वत लेने के मामले में लोकायुक्त रीवा की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया है। बता दें कि, ग्राम गंधिया निवासी हरी दीन साहू की शिकायत बाद इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। जिसके बाद पुलिस विभाग में हड़कंप की स्थिति निर्मित है। लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक ने सत्यापन बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की विवेचना जारी है।
प्रति व्यक्ति किया था रिश्वत तय
मिली जानकारी अनुसार, उक रिश्वतखोर एएसआई जिले के जयसिंहनगर थाने में पदस्थ है। बताया गया है कि, शिकायतकर्ता ने बीते 30 मार्च को लोकायुक्त कार्यालय रीवा में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमें बताया गया था कि, उसके भाई श्रवण कुमार साहू की सड़क दुर्घटना में बीते महीने मौत हो गई थी। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने जयसिंहनगर चौराहे पर चक्का जाम किया था। जिसके बाद पुलिस ने लगभग 18 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। मामले की जांच एएसआई एहसान खान कर रहे था। जिसने उक्त मामले में राहत देने और जमानत में मदद करने के नाम पर प्रत्येक व्यक्ति 2500 रुपये रिश्वत की मांग की थी।
लगी भनक तो मौके पर नहीं ली रकम
शिकायत सत्यापन कार्रवाई के दौरान पाया गया कि, आरोपी एएसआई ने शिकायतकर्ता से 2000 रुपये रिश्वत पहले ही ले लिए थे और अन्य लोगों से भी रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायतकर्ता ने रिश्वत लेने की वॉइस रिकॉर्डिंग सहित अन्य साक्ष्य लोकायुक्त को उपलब्ध कराए थे। टीम गुरुवार को एएसआई को ट्रैप करने जयसिंहनगर पहुंची। जिसकी भनक संभवतः एएसआई को लगने की वजह से उसने मौके पर पैसे नहीं लिया। हालांकि, पूर्व में रिश्वत लेने के साक्ष्यों के आधार पर लोकायुक्त ने आरोपी एएसआई एहसान खान को थाने से हिरासत में लेकर पूछताछ की। सत्यापन बाद अग्रिम कानूनी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।