मध्य प्रदेशराज्य

लोकायुक्त की कार्यवाही से मचा हड़कंप : 1500 रुपये रिश्वत लेते धान खरीदी केंद्र प्रभारी गिरफ्तार

Table of Contents

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के उड़ेपानी धान खरीदी केंद्र में भ्रष्टाचार का एक गंभीर मामला सामने आया है। जबलपुर लोकायुक्त ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ेपानी धान खरीदी केंद्र के प्रभारी हसीब अंसारी को किसान से 1500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से जिले के अन्य धान खरीदी केंद्रों में हड़कंप मच गया है।

लोकायुक्त निरीक्षक शीतला मर्सकोले ने बताया कि भोमाटोला निवासी किसान दुर्गेश चंद्रवंशी ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में किसान ने बताया कि उसने उड़ेपानी धान उपार्जन केंद्र में नियमानुसार अपना धान उपार्जित कराया था, लेकिन भुगतान के लिए आवश्यक टोकन जारी करने के एवज में केंद्र प्रभारी हसीब अंसारी द्वारा 1800 रुपये की अवैध मांग की जा रही थी। बाद में सौदा 1500 रुपये में तय हुआ।

किसान की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में एक टीम गठित की गई। पूर्व नियोजित योजना के तहत किसान को रिश्वत की राशि के साथ केंद्र भेजा गया। जैसे ही आरोपी प्रभारी ने किसान से 1500 रुपये की राशि ली, लोकायुक्त टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।

लोकायुक्त की जांच में यह भी सामने आया है कि इस पूरे मामले में केंद्र का कंप्यूटर ऑपरेटर भी भूमिका निभा रहा था। प्रारंभिक जांच के आधार पर कंप्यूटर ऑपरेटर को भी आरोपी बनाया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के किसानों में संतोष और भरोसा देखने को मिला है। किसानों का कहना है कि धान खरीदी केंद्रों में लंबे समय से अवैध वसूली की शिकायतें मिल रही थीं, लेकिन इस तरह की सख्त कार्रवाई से भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा। वहीं, लोकायुक्त की इस दबिश के बाद जिले के अन्य धान खरीदी केंद्रों के कर्मचारियों और अधिकारियों में भी खलबली मची हुई है।

लोकायुक्त अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसानों से किसी भी प्रकार की अवैध वसूली को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और शिकायत मिलने पर आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button