देश

लोकतंत्र और विपक्ष को खत्म करने का षड्यंत्र है एसआइआर, कटनी में पत्रकारों से बातचीत में बोले कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव हरीश चौधरी – कांग्रेस परिवारों के नाम टारगेट कर काटे जा रहे

कटनी, यशभारत। मतदाता सूची के विशेष सघन पुनरीक्षण (एसआइआर) को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी ने कटनी में पत्रकारों से मुखातिब होते हुए कहा चुनाव आयोग को पूर्व निष्पक्षता से कार्य करना चाहिए जो कि चुनाव आयोग नही कर रहा है। यह देश के संविधान और लोकतंत्र पर करारा आघात है। टारगेट कर मतदाता सूची से कांग्रेस परिवारों के नाम काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा एसआइआर प्रकिया में गंभीर खामियां है। इसी को लेकर लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने चुनाव आयोग के इस षडयंत्र के प्रति प्रदेश कांग्रेस इकाईयों और नेताओं को आगाह करते हुए पूरी तरह सतर्क रहने को कहा है। श्री चौधरी ने साफ़ कहा इस प्रक्रिया के तहत चुनाव आयोग कुछ वर्गों को लक्षित कर उनका नाम वोटर लिस्ट से काट देना चाहता है। चुनाव आयोग ने अभी बिहार में जो किया वही अन्य राज्यो में अब वही कर रहा है और एसआइआर प्रक्रिया को असंवैधानिक तरीके से डिजाइन किया गया है।
उन्होंने कहा एसआइआर चुनाव आयोग का लोकतंत्र तथा विपक्षी पार्टियों को खत्म करने का भयावह तथा सुनियोजित षडयंत्र है जो इस देश के इतिहास में कभी नहीं हुआ। आवश्यकता पड़ी तो हमे इसके खिलाफ जन आंदोलन भी करेंगे। उन्होंने साफ किया कांग्रेस एसआइआर के खिलाफ नही है बल्कि कांग्रेस इसमे पूरी पारदर्शिता चाहती है।जो हरेक मतदाता का मौलिक अधिकार है।”आनन-फानन में एसआइआर कराने के फैसले पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा लिए काम कर रहा है। भाजपा वोट चोरी के लिए एसआइआर प्रक्रिया को हथियार बनाने की कोशिश कर रही है। अगर चुनाव आयोग इस पर ध्यान नहीं देता है तो यह केवल प्रशासनिक विफलता नहीं बल्कि इस पर चुप्पी मिलीभगत बन जाती है।

आयोग को रवैया सुधारने की नसीहत

मतदाता सूचियों की अखंडता की रक्षा के लिए कांग्रेस की प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए श्री चौधरी ने आयोग को रवैया सुधारने की नसीहत दी और कहा कि ऐसे समय में जब लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता का विश्वास पहले से ही कमजोर है, एसआइआर के दौरान चुनाव आयोग का आचरण बेहद निराशाजनक रहा है।
चुनाव आयोग को तुरंत यह दिखाना होगा कि वह भाजपा के साए में काम नहीं कर रहा है और उसे किसी सत्तारूढ़ दल के प्रति नहीं बल्कि भारत की जनता के प्रति अपनी संवैधानिक शपथ और निष्ठा का ध्यान है। श्री चौधरी ने कहा मैने आज कटनी जिले में एसआइआर की समीक्षा बैठक के दौरान यह तय हुआ कि कांग्रेस के कार्यकर्ता, बीएलओ और जिला, शहर, तथा ब्लाक अध्यक्ष निरंतर सतर्क रहेंगे और हम असली मतदाताओं को हटाने या फर्जी मतदाताओं को शामिल करने की हर कोशिश का पर्दाफाश करेंगे। कांग्रेस संस्थाओं के पक्षपातपूर्ण दुरुपयोग से लोकतांत्रिक सुरक्षा उपायों को कम नहीं होने देगी। इस दौरान सह प्रभारी रण विजय सिंह, जिला प्रभारी वीरेंद्र द्विवेदी जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष अमित शुक्ला, ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह की मौजूदगी रही।

IMG 20251121 WA0735 scaled

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button