देश
लूट से हड़कंप : घर में रखे डेढ़ किलो चांदी, 15 तोला सोना और 1 लाख रुपए से अधिक की नकदी ले उड़े तीन नकाबपोश बदमाश

नरसिंहपुर l बरमान में लूट की वारदात सामने आई है, इसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। यहां तीन नकाबपोश बदमाश एक बुजुर्ग महिला के घर में घुस गए। उस समय महिला अपने नाती को लेकर सो रही थी। बदमाशों ने उनकी कनपटी पर बंदूक तान दी और घर में रखे डेढ़ किलो चांदी, 15 तोला सोना और 1 लाख रुपए से अधिक की नकदी ले गए।
पीड़ित महिला ने बताया कि तीनों बदमाशों ने ठंड के कपड़े पहन रखे थे और शारीरिक रूप से मजबूत दिख रहे थे। दो बदमाशों ने उन्हें बंदूक के बल पर काबू कर रखा था। तीसरा बदमाश घर की तलाशी लेकर कीमती सामान लूटता रहा।
घटना स्थल की जांच की जा रही है। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की मदद से सबूत जुटाए हैं। इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।