रिमझिम बारिश के बाद तेज हुई बुआई की गति : 60 प्रतिशत किसानों ने खेतो में डाल दिया मक्के का बीज,जिले मे 82.7 मिमी हुई बारिश

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले में बीते एक सप्ताह में सक्रिय मानसून की रिमझिम वर्षा के बीच खेतों में फसलों की बुआई का कार्य तेजी से चल रहा है। कृषि अधिकारियों के अनुसार 60 प्रतिशत मक्का किसानों ने खेतों में मक्का बीज लगा दिया। एक-दो दिनों से जिले में रूक-रूककर रिमझिम वर्षा होने से किसानों को खेतों में बुआई करने का अवसर मिल गया है।बीते तीन दिनों से सिवनी मुख्यालय में रिमझिम वर्षा का दौर जारी है। किसानों ने बताया कि खेतों की मिट्टी तेज वर्षा में दलदली होने के कारण बुआई में कठिनाई होती है।वर्तमान में हल्की वर्षा के बाद मौसम खुलने से खेतों की मिट्टी, ढीली हो गई है।ऐसे में ट्रेक्टर और दूसरे उपकरण से बुआई कार्य तेजी से चल रहा है। धान बुआई का कार्य भी लगभग 70 से 80 प्रतिशत पूरा हो गया है। इसके अलावा खरीफ दलहन व तिलहन फसलों की बुआई का कार्य भी तेजी से चल रहा है।वहीं शत प्रतिशत किसानों ने धान नर्सरी तैयार कर ली है।
किसानों का कहना है कि धान रोपा लगाने भारी वर्षा का इंतजार है।
जिले में 74.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज:-
भू–अभिलेख कार्यालय सिवनी से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में 1 जून से 23 जून 25 तक 82.7 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। विकासखंडवार वर्षा की प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 जून तक विकासखंड सिवनी में 54.6 मि.मी, कुरई में 15.0 मि.मी., बरघाट में 14.6 मि.मी., केवलारी में 77.6 मि.मी., छपारा 63.0 मि.मी, लखनादौन में 88.8 मिमी, धनौरा में 131.0 मिमी एवं घंसौर में 216.0 मिमी. वर्षा, इस प्रकार कुल 660.6 मि.मी. वर्षा रिकार्ड की गई है। ज्ञात हो विगत वर्ष 23 जून तक कुल 697.3 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई थी।
कृषि अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में सामान्य वर्षा का दौर जारी है, जो फसल बुआई के लिए अच्छा है। रूक-रूककर हो रही वर्षा के बीच वातावरण में ठंडक आ गई है। रविवार को अधिकतम तापमान में घटकर 27 डिसे पर आ गया है। जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिसे दर्ज किया है।
जिले के सर्वाधिक क्षेत्रफल में मक्का व धान की बुआई हो रही है। इसके अलावा सोयाबीन, अरहर, मूंग, उड़द, मूंगफल्ली आदि फसल भी किसान खेतों में लगा रहे है।
खरीफ में फसल वार क्षेत्राच्छादन लक्ष्य:-
फसल-2024-2025
धान रोपा-160-180
धान कंतार-40-20
ज्वार-0.5-0.5
मक्का-188-180
कोदो-कुटकी-6.5-7.5
अरहर-23.5-23.5
उड़द-12-15
मूंग-5.7-8.5
मूंगफल्ली-01-02
सोयाबीन-15-15
कुल योग-453-453







