राष्ट्रीय अध्यक्ष का आगमन आज:नड्डा की ससुराल से लेकर रोड-शो की कई सड़कें रातों रात बनकर हुई तैयार

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आज शाम शहर पहुंचेंगे। शहर पहुंचने के पहले ही रातों रात लंबे समय से खराब सड़क को नए सिरे से बना दिया गया। जेपी नड्डा अपनी सास जय श्री बैनर्जी के यहां रूकेंगे। वहां रातों रात सड़क का डामरीकरण करा दिया गया। साथ ही फुटपाथ भी तैयार कर दिया गया।

रातों रात रांझी में बनी सड़क, लोग खुश ऐसे ही आते रहे नेता
वर्षों से रांझी दर्शन सिंह तिराहा से लेकर मस्ताना चौक तक की सड़क बदहाल थी। जिसे राष्ट्रीय अध्यक्ष और सीएम के आगमन के पहले दो रात में तैयार कर लिया गया। कांग्रेस सहित स्थानीय लोग तंज कसते हुए कह रहे कि ऐसे बड़े नेताओं को समय-समय पर आना चाहिए। कम से कम शहर के लोगों को अच्छी सड़क तो चलने को मिल जाएगी। नड्डा केंट विधानसभा की बूथ की बैठकों में भी शामिल होंगे। जिसको लेकर गली-गली को चमकाया जा रहा हैं।

बूथ व मंडल की बैठक में शामिल होंगे
राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरुवार को सुबह 9.30 बजे पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल शर्मा के निवास पहुंचेंगे। सुबह 10 बजे केंट विधानसभा अंतर्गत शहीद भगत सिंह मंडल के बूथ क्रमांक 106 में आयोजित बूथ बैठक में भाग लेंगे। जिसके पश्चात सुबह 11 बजे अजा मोर्चा के कार्यकर्ता आशीष अहिरवार के पूर्व विधानसभा अंतर्गत महर्षि अरविन्द वार्ड घमापुर चौक स्थित निवास पहुंचेंगे।
सुबह 11.40 बजे पश्चिम विधानसभा अंतर्गत रानी दुर्गावती मंडल स्थित रायल स्कूल संजीवनी नगर गढ़ा में मंडल बैठक को संबोधित करेंगे। दोपहर 12.40 बजे संभागीय पार्टी कार्यालय में कोर ग्रूप की बैठक में भाग लेंगे। दोपहर 2.30 बजे संभागीय कार्यालय में आर्थिक टोली एवं सोशल मीडिया समूह की बैठक में शामिल होंगे।

यूथ कनेक्ट कार्यक्रम में युवाओं को करेंगे संबोधित
राष्ट्रीय अध्यक्ष शाम 4 बजे वेटरनरी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित भारतीय जनता युवा मोर्चा के यूथ कनेक्ट कार्यक्रम में भाग लेंगे। संभाग के युवाओं को संबोधित करेंगे। शाम 6 बजे केन्द्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल के निवास पर जायेंगे। इस देखते हुए इन सड़कों को चमकाया जा रहा है।