युवा वोटर्स ने कहा : मतदान करना हमारा कर्तव्य , दिखा अभूतपूर्व उत्साह

कटनी, यशभारत। लोकसभा चुनाव के लिए आज 26 अप्रैल को मतदान कराया जा रहा है। मतदान को लेकर युवा मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। युवा मतदाताओं ने पहली बार मतदान करते हुए अपनी पसंद के उम्मीदवारों का चुनाव किया। लोकतंत्र के महापर्व में पहली बार मतदान करने का अवसर मिलने पर युवा मतदाताओं ने कहा कि मतदान उनका अधिकार है, तो कर्तव्य भी है। राष्ट्र के प्रति अपना कर्तव्य महसूस करने वाले मतदाताओं ने कहा कि क्षेत्र का विकास ही राष्ट्र के विकास का पैमाना होता है। शहर का जितना विकास होगा, उतना ही लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
लोकतंत्र की मजबूती का महायज्ञ
माधवनगर निवासी युवा मतदाता सांई लक्ष्मी ने संत कंवर राम वार्ड स्थित मतदान केन्द्र में वोट डालने के बाद यशभारत से बातचीत में कहा कि पहली बार मतदान करने के बाद उन्हें अच्छा महसूस हो रहा है। मतदान करना हमारा नैतिक दायित्व है। मतदान से ही लोकतंत्र मजबूत होता है। अब तक किताबों में लोकतंत्र के महत्व को पढ़ा है और अब मतदान के माध्यम से लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभा रहे हैं।
राष्ट्रीय पर्व से कम नहीं मतदान दिवस
सरस्वती स्कूल में बनाये गए मतदान केंद्र में आज नई बस्ती निवासी 20 वर्षीय साहिल खूबचंदानी एवं आदित्य खूबचंदानी ने लोकसभा चुनाव के लिए पहली बार वोट डालकर लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा लिया। साहिल एवं आदित्य ने कहा कि मतदान दिवस राष्ट्रीय पर्व से कम नहीं होता है, इसमे सभी को अपनी सहभागिता देना चाहिए। लोगों को अपने सारे काम छोडक़र आज मतदान आवश्यक रूप से करना चाहिए।