यात्री बस और एम्बुलेंस की भिड़ंत,1 की मौत : राष्ट्रीय राज्यमार्ग बंजारी घाटी के समीप हुआ हादसा

सिवनी यश भारत:-जिले के छपारा थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राज्यमार्ग 44 बंजारी घाट में एक सड़क हादसा हो गया। जहां नागपुर से कटनी लौट रहा एंबुलेंस वाहन चालक की मौके पर मौत हो गई। वहीं 52 तीर्थ यात्रियों को महाराष्ट्र हिंगनघाट से प्रयागराज महाकुंभ लेकर जा रही बस क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत की बात रही कि इस घटना में बस में सवार कोई भी तीर्थ यात्री हताहत नहीं हुआ है।
जानकारी के अनुसार एंबूलेंस एमपी 21 टीए 0770 और तीर्थ यात्रियों से भरा बस वाहन क्र. एमएच 31 एफसी 4020 दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग में नागपुर से जबलपुर की ओर एक ही दिशा में जा रहे थे। जब वह बंजारी घाट के पास पहुंचे और जैसे ही एंबूलेंस चालक ने वाहन को बंजारी मंदिर की ओर मोड़ने का प्रयास किया वैसे ही एंबूलेंस वाहन पीछे से आ रही तीर्थ यात्रियों से सवार बस की चपेट में आ गई। इस टक्कर से यात्री बस डिवाइडर से जा टकराई, गनीमत की बात रही ड्रायवर ने नियंत्रण बनाकर बस को पलटने नहीं दिया। नही तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की जानकारी प्रत्यक्ष दर्शियों ने छपारा पुलिस और 108 वाहन में दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव का पंचनामा बनाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक एंबूलेंस चालक का नाम कृष्ण कुमार है। कटनी से मृतक का शव लेने आए स्वजनों व एंबूलेंस चालकों ने बताया कि मृतक कृष्ण कुमार कटनी के सबसे वरिष्ठ एंबूलेंस चालक होने के साथ रेड क्रास सोसायटी के सदस्य भी थे। छपारा थाना प्रभारी सौरभ पटेल ने बताया कि सूचना मिली थी कि यात्री बस और एम्बुलेंस की टक्कर में एम्बुलेंस चालक की मौत हो गई है फिलहाल मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।







