
पहाड़ों पर बर्फबारी और देश के कई हिस्सों में बारिश के चलते मौसम के मिजाज बदल गए हैं। उत्तराखंड के मुनस्यारी, बद्रीनाथ में बर्फबारी हुई है। उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग में तापमान शून्य से नीचे दर्ज हुआ। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश के बाद ठिठुरन बढ़ी है। पहाड़ों पर बर्फबारी का असर पूरे देश पर पड़ा है। विदर्भ ऐसा इलाका है, जहां सालभर सूखा रहता है। यहां भी यवतमाल में ओले गिरे हैं। उत्तराखंड में पिथौरागढ़ के मुनस्यारी में बर्फबारी हुई है। इसकी वजह से मैदानी इलाकों में ठंड काफी बढ़ गई है। साथ ही लोगों को यातायात में परेशानियां को सामना करना पड़ रहा है।
विदर्भ के यवतमाल में मौसम ने करवट ली
लगभग पूरे साल सूखे की मार झेलने वाले विदर्भ के यवतमाल में मौसम ने करवट ले ली है। पिछले 24 घंटों के दौरान यहां भीषण बारिश हुई और ओले पड़े हैं। बेमौसम बारिश ने सबसे ज्यादा बाभुलगांव और नेर तहसील में तबाही मचाई है। ओला गिरने से खेत में खड़ी फसल बर्बाद हो गई है।