मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से की सौजन्य भेंट
Chief Minister Dr. Mohan Yadav paid a courtesy call on Lok Sabha Speaker Om Birla

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से की सौजन्य भेंट
जयपुर प्रवास के दौरान शिष्टाचार मुलाकात, विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता पर जताया आभार
भोपाल यश भारत। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने जयपुर प्रवास के दौरान शनिवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने परंपरागत रूप से अंगवस्त्रम भेंट कर लोकसभा अध्यक्ष का सम्मान किया। भेंट के दौरान दोनों नेताओं के बीच समसामयिक विषयों और विभिन्न आयोजनों को लेकर चर्चा भी हुई। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के जयपुर आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनका स्वागत किया। साथ ही उन्होंने उद्योग निवेश संवर्धन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी जताया। ओम बिरला ने पत्रिका समूह के स्वर्गीय कर्पूर चंद कुलिश के जन्म शताब्दी समापन समारोह में मध्यप्रदेश से मुख्यमंत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की भागीदारी को सराहते हुए इसे महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने इस अवसर पर दोनों राज्यों के बीच सहयोग और संवाद को और मजबूत करने पर भी बल दिया। इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट के साथ-साथ आपसी समन्वय और विकासात्मक दृष्टिकोण से भी अहम माना जा रहा है।







