मालगाड़ी के सामने कूदकर मां-बेटी ने दी जान : सतना में दर्दनाक हादसा से हडकंप

सतना यश भारत । प्रयागराज–सतना रेलखंड पर बगहा बाइपास के पास एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक महिला और उसकी नाबालिग बेटी ने मालगाड़ी के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 9 बजे प्रयागराज से सतना की ओर आ रही मालगाड़ी जैसे ही बगहा बाइपास पुल के पास पहुंची, तभी महिला और लड़की अचानक ट्रेन के सामने पटरी पर कूद गईं। लोको पायलट ने तुरंत इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी। पायलट के मुताबिक दोनों पहले ट्रैक से कुछ दूरी पर खड़ी थीं और ट्रेन नजदीक आते ही अचानक पटरी पर आ गईं, जिससे उन्हें बचाने का कोई मौका नहीं मिला।
उनकी शिनाख्त उचेहरा थाना क्षेत्र के उरदना गांव निवासी खुशबू सिंह (34) और उनकी 13 वर्षीय बेटी आराध्या सिंह के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि दोनों फिलहाल सतना के बगहा इलाके में रह रही थीं।
पति की है हार्डवेयर की दुकान
जानकारी के अनुसार खुशबू के पति अनिलेश सिंह की हार्डवेयर की दुकान है, जबकि खुशबू का मायका रीवा में है। घटना की सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग सतना पहुंचे और दोनों की पहचान की।
कारण अभी अज्ञात
पुलिस ने दोनों शवों को जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाकर पोस्टमार्टम कराया है। बताया गया कि इस दौरान पति अनिलेश सिंह अस्पताल नहीं पहुंचे थे। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है और मायके पक्ष के लोग भी घटना के पीछे की वजह नहीं बता पा रहे हैं। सिटी कोतवाली पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।







