सतना/ मैहर यश भारत ।धार्मिक नगरी मैहर स्थित मां शारदा के दरबार में सोमवार को एक अनोखा और सनसनीखेज घटनाक्रम सामने आया। मंदिर परिसर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब प्रेमी-प्रेमिका के विवाह को लेकर परिवार और प्रेमी के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया।
क्या है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि युवक-युवती जिले के बाहर के निवासी हैं और मंदिर में शादी करने के उद्देश्य से मां शारदा धाम पहुंचे थे। दोनों जैसे ही त्रिमूर्ति गेट के पास पहुंचे, युवती का भाई वहां पहुंच गया और उसने इस रिश्ते का कड़ा विरोध शुरू कर दिया।
देखते ही देखते बहस ने उग्र रूप ले लिया और प्रेमी व युवती के भाई के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। मंदिर परिसर में चीख-पुकार, धक्का-मुक्की और लात-घूंसे का दौर चल पड़ा। मौके पर मौजूद श्रद्धालु यह दृश्य देखकर हैरान रह गए। कुछ लोगों ने बीच-बचाव किया, जबकि कई लोग मोबाइल से वीडियो बनाने लगे।
काफी देर तक चले हंगामे के बाद युवती का भाई स्थिति संभाल नहीं पाया और मौके से लौट गया। परिवार के विरोध के बावजूद युवती अपने फैसले पर अडिग रही।
विवाद शांत होते ही प्रेमी-प्रेमिका ने मंदिर परिसर में ही शादी करने का फैसला लिया। युवक ने सबके सामने युवती की मांग में सिंदूर भर दिया और दोनों ने एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार कर लिया। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए हैरानी भरा रहा।
पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मारपीट से लेकर सिंदूर भरने तक के दृश्य साफ दिखाई दे रहे हैं, जिससे मामला चर्चा का विषय बन गया है।
घटना को लेकर अब तक किसी भी पक्ष द्वारा थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर पुलिस द्वारा दोनों पक्षों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।
Back to top button