महाराष्ट्र, श्रावस्ती और कर्नाटक में सड़क हादसे : 22 लोगों की मौत

महाराष्ट्र एजेंसी। महाराष्ट्र के रायगढ़ के खोपोली इलाके में शुक्रवार की रात एक बस 700 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। बस में 40 यात्री सवार थे। अब तक 25 का स्थानीय लोगों की मदद से रस्सी के जरिए रेस्क्यू किया गया है। इनमें से कुछ लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।हादसा खंडाला और खोपोली के बीच पुराने नेशनल हाईवे पर शिंगरोबा घाट से उतरते समय हुआ। फिलहाल हादसे की वजह सामने नहीं आई है। बस पुणे से मुंबई जा रही थी। गोरेगांव के थे यात्री, कार्यक्रम में शामिल होने पुणे गए थे पुलिस के मुताबिक हादसे की खबर मिलते ही बोर घाट पुलिस, खोपोली पुलिस और स्थानीय लोग मदद के लिए आए। सभी घायलों को इलाज के लिए खोपोली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं बस में सवार यात्री गोरेगांव क्षेत्र के एक संगठन के थे, सभी एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पुणे गए थे और वहां से वापस लौट रहे थे।
कार बेकाबू होकर पेड़ से टकराई; लुधियाना से आ रहे थे सभी
श्रावस्ती से बड़ी खबर है। यहां शनिवार सुबह नेशनल हाईवे-730 पर अनियंत्रित होकर कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 8 लोगों के घायल होने की सूचना है। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पुलिस प्रशासन की टीम मौजूद है। बचाव व राहत का कार्य चल रहा है। हादसा इकौना थाना क्षेत्र के सोन नदी के पास सुबह करीब 4 से 5 बजे के पास हुआ है। बताया जा रहा है कि कार सवार लोग लुधियाना से इकौना के करमोहना जा रहे थे। सभी लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए परिवार के 14 लोग आ रहे थे। घर पहुंचे से 12 किमी. पहले ही हादसा हो गया।

राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची थी पुलिस
मौके पर एसपी प्राची सिंह ने पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि कार सवार लोग अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए लुधियाना से करमोहना आ रहे थे। तभी सोन नदी के पास कार असंतुलित होकर पेड़ से टकरा गई। वहां से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से लोगों को कार से निकाला और आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस का कहना है कि ड्राइवर को नींद आने के चलते ये हादसा हुआ है। हालांकि हादसे का मुख्य कारण अभी पता नहीं चल पाया है। घायलों की स्थिति गंभीर है। उनसे बातचीत होना संभव नहीं है।
गाड़ी के आगे का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त
पेड़ से टकराने के बाद इनोवा कार के आगे का हिस्सा पूरी तरह से चौपट हो गया है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शव डैशबोर्ड में फंस गए थे। ड्राइवर की लाश तो स्टेयरिंग में ही दब गई थी। पीछे बैठे लोग भी आगे की ओर उछलकर सीटों के नीचे कुचल गए थे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला है।
एक ही परिवार के सभी मृतक और घायल हैं
जानकारी के मुताबिक, करमोहना गांव के रहने वाले 4 भाई अपने परिवार के साथ लुधियाना में काम करते थे। यहां पैतृक गांव में सिर्फ उनके माता-पिता रहते थे। शुक्रवार को पिता की मृत्यु हो गई। इसमें शामिल होने के लिए सभी परिवार गांव आ रहा था। जिसमें 4 भाई, उनकी पत्नियां, चार बच्चे, और एक बहन और बहनोई शामिल थे। कल रात ये परिवार लुधियाना से चला था। घर से 12 किमी. पहले ही ये हादसा हो गया। हालांकि अभी तक मृतकों के नाम और घायलों के नाम पता नहीं चल पाए हैं।
कर्नाटक में कार और बस की टक्कर, चार लोगों की मौत
कर्नाटक के हिरेहल्ली में एक कार और बस की टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक हादसा हिरेहल्ली के पास नेशनल हाईवे 48 पर हुआ। बताया जा रहा है कि कार बेंगलुरु से तुमकुर जा रही थी। तभी बस और कार में टक्कर हो गई। वहीं मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच कर रही है।