महापर्व : चौक-चौराहों पर सजी होलिका : देर रात तक हुआ दहन

सिवनी यश भारत:-होली पर्व की परंपरा के अनुसार सोमवार देर रात्रि सिवनी मुख्यालय सहित जिलेभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ होलिका दहन किया गया। इससे पूर्व महिलाओं व पुरुषों ने विधिवत पूजन-अर्चन कर सुख-समृद्धि की कामना की। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर सजी होलिका की मूर्तियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
नगर में सरकारी बस स्टैंड के पास लक्ष्मी नारायण मंदिर के सामने प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी विशेष रूप से होलिका की पूजा की गई, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। होलिका स्थलों से जुड़े मार्गों को रंग-बिरंगी झालरों और गुब्बारों से सजाया गया था, जिससे पूरे शहर में उत्सव का माहौल नजर आया।
सिवनी नगर में सरकारी व निजी बस स्टैंड, नगर पालिका चौक, हनुमान मंदिर, शुकवारी चौक, छिंदवाड़ा चौक, शंकर मढिया, बारापत्थर चौराहा, डूंडा सिवनी चौक, भैरोगंज क्षेत्र सहित लगभग 40 स्थानों पर होलिका दहन किया गया। प्रत्येक स्थल पर स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। परंपरा के अनुसार सनातन धर्मावलंबियों ने नए अनाज, नारियल एवं पुष्प अर्पित कर होलिका की परिक्रमा की और परिवार की खुशहाली की कामना की।
त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा। शाम के समय शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई। देर रात तक पेट्रोलिंग वाहन लगातार गश्त करते रहे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा ने नागरिकों से अपील की कि होली का पर्व शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाएं। उन्होंने बताया कि सभी संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
इसी प्रकार जिले के धनौरा, घंसौर, केवलारी, बरघाट, छपारा, लखनादौन और कुरई विकासखंडों में भी आस्था और उल्लास के साथ होलिका दहन किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ लोगों ने उत्सव मनाया। जिलेभर में होली को लेकर उत्साह चरम पर है और मंगलवार और बुधवार को रंगोत्सव धूमधाम से मनाए जाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।





