कटनी

मंदिरों में चोरी की वारदातों का पर्दाफाश, कोतवाली पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी, लाखों का माल बरामद, माल ठिकाने लगाने वाले सराफा कारोबारी को पुलिस ने भेजा जेल

कटनी, यशभारत। कोतवाली पुलिस ने मंदिरों में लगातार हो रही चोरियों का बड़ा खुलासा करते हुए एक संगठित गिरोह को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह ने कटनी और उमरिया जिले के 5 मंदिरों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं, साथ ही चोरी का माल खरीदने वाले सराफा कारोबारी को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। कोतवाली थाना प्रभारी राखी पाण्डेय ने बताया कि 9 अप्रैल को हीरागंज स्थित दक्षिण मुखी काली मंदिर के पुजारी मयंक दुबे ने चोरी की सूचना दी थी। सुबह पूजा के बाद लौटने पर मंदिर से चांदी का मुकुट, झुमका और सोने की नथ गायब मिली। मंदिर में हुई चोरी की घटना को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया एवं स्टाफ को मौके पर रवाना किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीव्ही फुटेज का अवलोकन किया तो घटनास्थल के पास ही दो संदिग्ध लडक़े बाइक से भागते दिखे। इसी आधार पर संभावित रास्तों पर संदेहियों की पता तलाश की गई एवं अन्य तकनीकी साक्ष्य एकत्रित किए गए। इसी दौरान तिलक कॉलेज के पास प्रेमनगर में टीम द्वारा दबिश देकर प्रकाश दुबे उर्फ अभिषेक दुबे निवासी ओम अनाथालय अयोध्यानगर चार लाईन भोपाल हाल उडिय़ा मोहल्ला को गिरफ्तार किया। आरोपी से घटना के संबंध में पूछताछ करने पर अपने सौतेले भाई के साथ हीरागंज में दक्षिण मुखी काली माता मंदिर में चोरी की घटना घटित करना स्वीकार किया। आरोपी से पूछताछ करने पर उमरिया के मानपुर रोहनिया के ज्वाला मुखी माता मंदिर, ग्राम ददरी के हनुमान मंदिर, ग्राम पड़रिया स्थित दुर्गा मंदिर, पिपरौंध के दुर्गा माता मंदिर में अपने दोस्त व सौतेले भाई के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देना बताया।
आरोपियों से पूछताछ में खुलासा
आरोपी ने पूछताछ पर बताया कि पुरानी चोरियों का माल उमरिया निवासी राहुल सोनी के पास बेचा हूं और हीरागंज मंदिर से चोरी आभूषणों में से 1 सोने की नथ को राहुल सोनी को बेचा है। चांदी का सामान उमरिया में ज्वाला मुखी मंदिर के पास गाटर पुल के नीचे छिपाकर रखा है। बेचे हुए माल के पैसों को अपने सौतेले भाई और पिता को दिया हूं। घटना में प्रयुक्त बाइक के बारे में पूछने पर बताया कि जब भी चोरी करने के लिए जाता था, तो पिता से मोटर सायकल ले जाता था, जिसके एवज में पिता को पैसे भी देना होते थे।
मंदिरों में चोरी के 7 मामले दर्ज
आरोपी के मेमोरेण्डम के आधार पर आरोपी के कब्जे से मसरूका बरामद करते हुए आरोपी राहुल उर्फ लालू सोनी निवासी शांतिमार्ग उमरिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जिसके कब्जे से हीरागंज मंदिर से चोरी की गई सोने की नथ बरामद की गई। आरोपी कृष्ण कुमार दुबे निवासी प्रेमनगर मल्टी के पास एवं उसके सौतेले पुत्र विधि उल्लंघनकारी बालक को अभिरक्षा में लिया जाकर मशरूका बरामद किया गया है। चोरी के अन्य मामलों के संबंध में सूचना संबंधित थानों को दी गई है, जिनके द्वारा पकड़े गए आरोपियों के विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। पकड़े गए आरोपी अभिषेक दुबे के विरूद्ध पूर्व से मंदिरों में चोरी करने संबंधी 7 पराधिक प्रकरण अलग-अलग थानों में पंजीबद्ध होना पाए गए है।
इनकी रही विशेष भूमिका
मंदिरों में चोरी की वारदात का खुलासा करने में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, एएसपी डॉ. संतोष डेहरिया, सीएसपी नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी राखी पाण्डेय, खिरहनी फाटक चौकी प्रभारी किशोर कुमार द्विवेदी, एएसआई रामेश्वर प्रसाद पटेल, वीरेन्द्र तिवारी, अनिल सेंगर, वीरेन्द्र सिंह, पुष्पराज सिंह, अजय प्रताप सिंह, अमित सिंह, उपेन्द्र सिंह, प्रवीण सिंह, दीपक तिवारी, मंसूर हुसैन, मोहन मण्डलोई, अजीत सिंह, चालक विकास राय, सायबर सेल से आरक्षक अजय शंकर साकेत एवं उमरिया साइबर सेल से आरक्षक संदीप सिंह की अहम भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button