भोपाल में पीएम कार्यक्रम के पहले विवाद: कमलापति का विरोध करने वाले दिग्विजय सिंह-आरिफ मसूद के नाम लोकार्पण कार्ड से हटाए गए

जबलपुर, यशभारत। भाजपा संगठन की आपत्ति के बाद दिग्विजय सिंह आरिफ़ मसूद समेत सब सांसद विधायक के नाम रेलवे के कार्ड से हटाए भोपाल रेल मंडल ने रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के लोकार्पण समारोह के आमंत्रण कार्ड बदल दिए हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और सांसद विष्णु दत्त शर्मा की सख्त आपत्ति के बाद बीती रात यह कार्ड बदले गए हैं। भाजपा संगठन ने रात में भोपाल आए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से इस बात पर आपत्ति जताई थी कि रानी कमलापति नाम का विरोध करने वाले कांग्रेसी विधायक आरिफ मसूद को मंच पर बिठाया जा रहा है। भाजपा संगठन को दिग्विजय सिंह और आरिफ अकील के नाम पर भी आपत्ति थी। यह जानकारी मिलते ही श्री वैष्णव ने भोपाल डीआरएम और भोपाल जी एम रेल को फटकार लगाई इसके बाद आधी रात को ही यह निर्णय लिया गया कि आमंत्रण पत्र से सभी विधायक और सांसदों के नाम हटा दिए जाएं। हनी ट्रैप में फंसे एमजे अकबर का नाम भी इस आमंत्रण पत्र में था। अल सुबह जो आमंत्रण पत्र छप कर आये हैं अब उसमें सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्यपाल मंगू भाई पटेल रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का ही नाम रह गया है बाकी सभी विधायक सांसदों के नाम हटा दिए गए हैं।