मंडलाl जिले के निवास थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में जनशिक्षक राघवेंद्र तिवारी (55) की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा निवास-शहपुरा मार्ग पर ग्राम बिसौरा के पास दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर से हुई। जानकारी के अनुसार, जनशिक्षक राघवेंद्र तिवारी अपनी बाइक से घर लौट रहे थे।
इसी दौरान शहपुरा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जनशिक्षक को सिर में गंभीर चोटें आई, जिसके कारण उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दूसरी बाइक पर सवार युवक अजय भी इस हादसे में घायल हो गया। बताया गया है कि हेलमेट पहनने के कारण उसे सिर में गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें लगीं। युवक को तत्काल निवास स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही निवास पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। सुबह मृतक राघवेंद्र तिवारी का पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।
Back to top button